कांग्रेसी विधायक के आने से पहले BJP महापौर ने कर दिया लोकार्पण, हंगामा

Before arrival of Congress MLA BJP Mayor inaugrated Development works
कांग्रेसी विधायक के आने से पहले BJP महापौर ने कर दिया लोकार्पण, हंगामा
कांग्रेसी विधायक के आने से पहले BJP महापौर ने कर दिया लोकार्पण, हंगामा

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कांग्रेस विधायक के आने से पहले ही भाजपा महापौर और पार्षदों ने विकास कार्य का फीता काट दिया। इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।

दरअसल, नगर निगम ने चार नलकूप का लोकार्पण कार्यक्रम रखा था, जिसमसें कांग्रेस विधायक दीपक सक्सेना मुख्य अतिथि थे, लेकिन विधायक सक्सेना के पहुंचने से पहले ही महापौर कांता सदारंग ने भाजपा पार्षदों की टोली के साथ लोकार्पण कर दिया। बाद में विधायक पहुंचे और कांग्रेस पार्षद व निगम प्रशासन की मौजूदगी में उन्होंने नलकूप का लोकार्पण किया। महापौर और भाजपा पार्षद ने एमएलबी स्कूल के सामने नवनिर्मित पार्क का भी फीता काटकर लोकार्पण कर दिया। पार्क को महारानी लक्ष्मीबाई वाटिका नाम दिया गया। बता दें कि नगरनिगम प्रशासन पार्क का लोकार्पण 26 जनवरी को मुख्यमंत्री कमलनाथ के हाथों कराने की तैयारी कर रहा था।  

नगर निगम के आमंत्रण में थे दोनों के नाम
नगर निगम कार्यालय की ओर से आमंत्रण पत्र जारी हुआ था, जिसके अनुसार दोपहर दो बजे जेल बगीचा के पास हुए नलकूप खनन का लोकार्पण विधायक दीपक सक्सेना के मुख्य आतिथ्य में होना था। जबकि महापौर कांता सदारंग को अध्यक्षता करना था। यहां भाजपा पार्षदों ने कहा कि वह निर्धारित समय पर पहुंचे और उन्होंने नलकूप खनन का लोकार्पण महापौर कांता सदारंग के हस्ते कर दिया। महापौर के साथ नगरनिगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र मिगलानी, सभापति विजय पांडे, संतोष राय, शिव मालवी सहित अन्य भाजपा पार्षद मौजूद थे।

बाद में विधायक ने किया लोकार्पण
बाद में विधायक दीपक सक्सेना सहित नगरनिगम अधिकारियों की उपस्थिति में जेल बगीचा सहित अन्य चार स्थानों पर किए गए नलकूप खनन का लोकार्पण किया। सभी जगह निगम अधिकारियों ने नलकूप से होने वाले लाभ की जानकारी दी। इस दौरान नगरनिगम में सांसद प्रतिनिधि जसपाल सिंह नैय्यर  रिंकू, सचिन वानखेड़े, वासुअली, नदंकिशोर सूर्यवंशी, पंकज शुक्ला, विपिन यादव, अन्नू अरोरा, दीपा सांबले, तरुण कराड़े, राजेश सोनी सहित नगरनिगम आयुक्त इच्छित गढ़पाले, ईई एनएस बघेल, ईश्वर सिंह चंदेली, विवेक चौहान सहित अन्य उपस्थित रहे।

जनहित के काम में हल्कापन ठीक नहीं
छिंदवाड़ा विधायक दीपक सक्सेना ने कहा कि जलसंकट को देखते हुए नलकूप खनन कराए गए हैं। जिनका लोकार्पण जनहित में किया जाना था। लोकार्पण पत्थर में महापौर का भी नाम है। फिर इस तरह पहले ही लोकार्पण कर हल्कापन दिखाना ठीक नहीं है। भाजपा के शासन में नगरनिगम में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। 7 करोड़ के पानी के मीटर में  भ्रष्टाचार किया गया है। हम सकारात्मक सोच के साथ काम करना चाहते हैं जिसमें उन्हें सहयोग करना चाहिए।
 

मैं महापौर हूं, मुझसे चर्चा की जानी थी
छिंदवाड़ा नगर निगम की महापौर कांता सदारंग ने कहा कि नगरनिगम प्रशासन ने लोकार्पण के संबंध में पहले चर्चा नहीं की। मंगलवार रात नौ बजे फोन आया। बुधवार डेढ़ बजे कार्ड मिला। मैं महापौर हूं मुझसे चर्चा की जानी थी। हमने निर्धारित समय दो बजे तक रास्ता देखा, इसके बाद ही लोकार्पण किया है। हमारा व्यक्तिगत विरोध नहीं है, शासन के साथ हम शहर विकास का काम करना चाहते हैं। अधिकारी गड़बड़ कर रहे हैं।
 

अधिकारियों ने कहा, हम सही
नगर निगम कमिश्नर इच्छित गढ़पाले ने बताया कि प्रशासनिक तौर पर हम सही हैं, हमने विधायक के साथ ही महापौर और अध्यक्ष का नाम कार्ड व पत्थर में दिया है। अब उनका क्या नजरिया है यह नहीं कह सकते। चर्चा न करने की बात भी उचित नहीं है। हमने सूचना दे दी थी। पार्क का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है।
 

 

Created On :   23 Jan 2019 5:19 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story