- Home
- /
- लोकसभा चुनाव से पहले दो...
लोकसभा चुनाव से पहले दो महानगरपालिकाओं में सत्ता और विपक्ष का ‘टेस्ट’

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में राजनीतिक विसात बिछनी शुरु हो गई है। पर आम चुनाव से पहले राज्य की दो महानगरपालिकाओं के चुनाव में सत्ता व विपक्ष का टेस्ट होगा। राज्य चुनाव आयोग ने धुले व अहमदनगर मनपा का चुनाव इस साल दिसंबर में कराएगा।
धुले और अहमदनगर मनपा की अवधि 29 दिसंबर 2018 को समाप्त हो रही है। इसके पहले इन दोनों महानगरपालिकाओं में चुनाव कराने पड़ेंगे। धुले में 18 प्रभागों में 70 और अहमदनगर के 17 प्रभागों में 68 सीटे हैं। फिलहाल धुले मनपा पर NCP का कब्जा है। यहां NCP के 34, कांग्रेस के 10, शिवसेना के 11 व भाजपा के 3 नगरसेवक हैं। जबकि अहमदनगर में कांग्रेस के 11, NCP के 18, भाजपा के 9 और शिवसेना के 17 नगरसेवक हैं। हाल ही हुए सांगली और जलगांव मनपा चुनाव में भाजपा ने बाजी मारकर सभी को चौका दिया था।
अब सत्ताधारी भाजपा की नजर धुले व अहमदनगर मनपा पर है। धुले में राज्य के पर्यटन मंत्री जय कुमार रावल की प्रतिष्ठा दाव पर होगी। जबकि अहमदनगर विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखेपाटील का गृह जिला है। बीते रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धुले में महाआरोग्य शिविर का उद्धाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धुले के लिए कई घोषणाए कर चुनावी बिगुल बजा दिया है।
केद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे और चर्चित भाजपा विधायक अनिल गोटे भी इसी जिले से हैं। समझा जाता है लोकसभा चुनाव से ऐन पहले होने वाली इन दो महानगरपालिकाओं पर अपनी जीत का पताका फहराने के लिए सत्ता व विपक्ष दोनों पूरी ताकत लगाएंगे।
Created On :   18 Sept 2018 5:57 PM IST