सुसाइड से पहले भय्यूजी महाराज ने फेसबुक पर की थी ये अपील

Bhaiyuuji Maharajs facebook post before suicide
सुसाइड से पहले भय्यूजी महाराज ने फेसबुक पर की थी ये अपील
सुसाइड से पहले भय्यूजी महाराज ने फेसबुक पर की थी ये अपील

डिजिटल डेस्क, इंदौर। आध्यात्मिक धर्मगुरू भय्यूजी महाराज ने मंगलवार दोपहर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। उनके इस कदम ने पूरे देश में फैले उनके समर्थकों को निराश कर दिया है। उनके समर्थकों में कई बड़े राजनेता और सेलेब्रिटीस शामिल हैं। सुसाइड करने से पहले भय्यूजी महाराज ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर कुछ पोस्ट भी डाली थी। ये पोस्ट बाल श्रम से देश को निजात दिलाने और किसानों द्वारा रासायनिक खाद का प्रयोग न करने की अपील पर की गई थी। सुसाइड से पहले उन्होंने केन्द्रीय मंत्री  नरेन्द्र सिंह तोमर को जन्मदिन की बधाई भी दी थी। यहां पढ़िए भय्यूजी महाराज द्वारा अंतिम समय में की गई FB पोस्ट।

रासयनिक खाद के उपयोग से कृषि भूमि को होता है नुकसान

भय्यूजी महाराज ने सुसाइड से पहले बंजर होती कृषि भूमि को बचाने के उद्देश्य से एक अभियान शुरू करने की बात FB  पर लिखी। उन्होंने लिखा, "सतत् कार्यशीलता व श्रम के फलस्वरूप उत्पादकता में भी वृद्धि होती है। हमारे देश में किसानों के अथक प्रयासों के कारण समय के साथ अन्न व खाद्य वस्तुओं का उत्पादन निःसंदेह बेहतर गति से बढा हैं, परन्तु अगर हम आज के उत्पादन की गुणवत्ता आज से 50 वर्ष पूर्व के खाद्यानों की गुणवत्ता से करें तो हम गुणवत्ता का स्तर काफी गिरता हुआ पाएंगे। इसका प्रमुख कारण रासायनिक खाद व दवाइयों का अत्यधिक व असंतुलित रूप से किया गया उपयोग है। रासायनिक खादों से होने वाले दुष्परिणाम किसी के लिए भी अनजाने नहीं है। रासायनिक खाद न केवल फसलों व भूमि को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि यह हमारे स्वास्थ्य के लिए भी बहुत हानिकारक हैं। किसानों को इसी दिशा में जागरूक करने के उद्देश्य से इस अभियान का शुभारम्भ किया गया।"
उन्होंने लिखा, "सूर्योदय परिवार द्वारा इस योजनान्तर्गत किसानों को कृषि व ग्रामीण जीवन संबंधी मार्गदर्शन देकर उनकी कृषि भूमि की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए कार्य करने का संकल्प लिया गया। किसानों को उन्नत व समृद्ध बनाने के लिए सूर्योदय परिवार द्वारा महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में यह अभियान चलाया गया, जहाँ उन्हें कृषि व भूमि सुधर संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। कृषकों को उन्नत एवं समृद्ध बनाने के लिए ट्रस्ट द्वारा 950 गांवों में यह अभियान चलाया गया।"

बाल मजदूरी के खिलाफ आवाज बुलंद करें
बाल मजदूरी के प्रति विरोध एवं जगरूकता फैलाने के मकसद से हर साल 12 जून को बाल श्रम निषेध दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर देश से बाल मजदूरी को पूरी तरह खत्म करने का आह्वान करते हुए भय्यू महाराज ने लिखा था, "भारतवर्ष में प्रारंभ से ही बच्चों को ईश्वर का रूप माना जाता है। ईश्वर के बाल रूप यथा "बाल गणेश", "बाल गोपाल", "बाल कृष्णा", "बाल हनुमान" आदि इसके प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। भारत की धरती ध्रुव, प्रह्लाद, लव-कुश एवं अभिमन्यु जैसे बाल चरित्रों से पटी हुई है। बच्चों का वर्तमान दृश्य इससे भिन्न है। बच्चों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। ग़रीब बच्चे सबसे अधिक शोषण का शिकार हो रहे हैं। ग़रीब बच्चियों का जीवन भी अत्यधिक शोषित है। छोटे-छोटे ग़रीब बच्चे स्कूल छोड़कर बाल-श्रम हेतु मजबूर हैं। बाल-श्रम, मानवाधिकार का खुला उल्लंघन है। यह बच्चों के मानसिक, शारीरिक, आत्मिक, बौद्धिक एवं सामाजिक हितों को प्रभावित करता है।"

उन्होंने लिखा, "बाल मजदूरी के प्रति विरोध एवं जागरूकता फैलाने के मकसद से हर साल 12 जून को बाल श्रम निषेध दिवस मनाया जाता है। एक अनुमान के मुताबिक विश्व में 21 करोड़ 80 लाख बालश्रमिक हैं। जबकि एक आकलन के अनुसार भारत में ये आंकड़ा 1 करोड, 26 लाख 66 हजार 377 को छूता है। इस देवास पर हम सभी एक उद्देश्य रखे की कम से कम रोजगार प्राप्ति की न्यूनतम उम्र तक के सभी बच्चों को नि: शुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा प्रणालियां जो बच्चों की जरूरतों के लिए संवेदनशील हैं औऱ बाल श्रम से लड़ने में मदद करना है।गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा अध्यापन के पेशे को अपनाने के लिए प्रभावशाली नीतियों के उपयोग को सुनिश्चित करना है। 
आइये हम सभी संकल्पित होकर बाल मजदूरी के खिलाफ आवाज बुलंद करे।"

केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र तोमर को जन्मदिन की बधाई
बीजेपी नेता नरेन्द्र सिंह तोमर का आज जन्मदिन है। इस मौके पर भी भय्यूजी महाराज ने एक पोस्ट लिखकर उन्हें  बधाइयाँ दी थी। उन्होंने लिखा था, "नरेन्द्र सिंह  भारतीय जनता पार्टी के प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ हैं जो भारत के केंद्रीय ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पेयजल और स्वच्छता मंत्री हैं। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता श्री। नरेंद्र सिंह तोमर संगठनात्मक क्षमता के साथ ही प्रशासन पर मजबूत पकड़ और कुशल रणनीतिकार के रूप में जाने जाते हैं। एक जमीनी कार्यकर्ता के रूप में उनकी छवि आमजन में अंकित है। बहोत ही सादगी और सिद्धान्ति जीवन यापन करने वाले कर्मठ, स्पष्टवादी और मजबूत इरादों के श्री। नरेंद्र सिंह तोमर जी का सूर्योदय परिवार के सामाजिक कार्य में मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त होता है। सूर्योदय परिवार से उनका स्नेह और सेवार्थ कार्य में रूचि के लिए हम उनके आभारी है। आज उनका जन्मदिन है। ईश्वर से यही प्रार्थना है की उन्हें स्वस्थ और लम्बी आयु प्रदान करे और समाज तथा राष्ट्र निर्माण का कार्य उनके हाथो से सदैव होता रहे।" 

Created On :   12 Jun 2018 10:38 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story