- Home
- /
- भोपाल: सिरफिरे आशिक ने 12 घंटों तक...
भोपाल: सिरफिरे आशिक ने 12 घंटों तक बनाए रखा मॉडल को बंधक, देर शाम बचाया गया
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के मिसरोद इलाके में एक सिरफिरे युवक ने शुक्रवार को एक मॉडल को बंधक बना लिया था। करीब 12 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने मॉडल को बाहर निकाल लिया है। युवक और मॉडल दोनों को मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल भेजा गया है। एसपी साउथ भोपाल राहुल लोढा ने बताया कि लड़की की हालत स्थिर बनी हुई है। बता दें कि युवक ने मॉडल को बंधक बनाने के बाद कैची से खुद को भी लहुलुहान कर लिया था। उसने वीडियो कॉलिंग कर मीडिया से बात भी की थी। वह धमकी दे रहा था कि अगर कोई उसके पास आया तो वह खुद को और लड़की को गोली मार देगा। इस युवक का नाम रोहित सिंह है जो कि अलीगढ़ का रहने वाला है। युवती मुंबई में मॉडलिंग करती है। वह बीएसएनएल के रिटायर्ड एजीएम की बेटी है। कुछ दिनों पहले ही वह भोपाल लौटी है।
We have rescued the girl, her condition is stable, she has been sent for medical treatment. The man (who held her hostage) has also been sent for medical treatment: Police on girl held hostage by a man at her house in Madhya Pradesh"s Bhopal pic.twitter.com/VyrH0svqWZ
— ANI (@ANI) July 13, 2018
इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने युवती को बंधक बनाने वाले आरोपी रोहित के विरुद्ध पुलिस पर हमला करने पर धारा 307, 353, 332 IPC और युवती को बंधक बनाकर धमकी देकर प्राणघातक हमला करने पर धारा 307, 342, 452, 506 IPC का अपराध पंजीबद्ध किया है।
सुबह से बना रखा था बंधक
एक तरफा प्यार का ये मामला मिसरोद इलाके के फॉर्च्यून डिवाइन सिटी का है। जहां पर शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे से 5वीं मंजिल के फ्लैट नम्बर 503 में सिरफिरे युवक ने मॉडल को बंधक बनाकर रखा हुआ था। बंधक बनने की खबर आने के बाद बिल्डिंग के आसपास स्थानीय लोगों और मीडिया की भीड़ जमा हो गई। आरोपी का कहना था कि वह युवती से शादी करने आया है लेकिन उसे रोक दिया गया। युवक ने वीडियो कॉलिंग पर मीडियाकर्मियों से बात भी की थी। वह पुलिस पर आरोप लगा रहा था कि पुलिसकर्मियों ने उसकी और लड़की की पिटाई की है। वीडियो में कमरे में खून बिखरा दिखाई दे रहा था। वहीं लड़की बेहोश पड़ी हुई थी।
पुलिस से मांगा था चार्जर और स्टांप पेपर
पुलिस के मुताबिक लड़का नशे में था। उसने लड़की और एक पुलिसकर्मी को घायल भी कर दिया था। पुलिस के आला अफसर उससे लगातार बात करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस से उसने कहा था कि वह लड़की से शादी करना चाहता है। उसने पुलिसकर्मियों से मोबाइल चार्जर ओर स्टांप पेपर भी मांगा था। युवक लगातार पुलिस से कह रहा था कि जब तक उसके परिवार वाले अलीगढ़ से भोपाल नहीं आ जाते तब तक वह कमरे से बाहर नहीं निकलेगा।
MP: Man has held a girl hostage at her house in Bhopal. Police say "He claims he loves her wants to marry. He had asked us for a stamp paper mobile charger. When we tried to barge in, he threatened us. We saw the girl, she was covered in blood." Cops are trying to rescue her. pic.twitter.com/sxbvYPl9Fz
— ANI (@ANI) July 13, 2018
बता दें कि कुछ दिन पहले लड़की ने मिसरोद थाने में युवक के खिलाफ शिकायत की थी। लड़की ने पुलिस को बताया था कि युवक उस पर शादी का दबाव बना रहा है और परेशान कर रहा है। इस शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया था। बाद में जमानत पर उसे रिहा कर दिया गया था।
Created On :   13 July 2018 5:22 PM IST