गणपति बप्पा को विदाई देते समय बड़ा हादसा, डूबने से तीन भक्तों की मौत

big accident during ganpati visarjan in chhindwara district mp
गणपति बप्पा को विदाई देते समय बड़ा हादसा, डूबने से तीन भक्तों की मौत
गणपति बप्पा को विदाई देते समय बड़ा हादसा, डूबने से तीन भक्तों की मौत

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। भगवान गणपति बप्पा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कई जगह बड़े हादसे हुए, जिसमें अब तक तीन लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई। रविवार को परासिया के रिछेड़ा स्थित पेंच नदी के तेज बहाव में बहे दो युवकों में से एक की मौत हो गई। वहीं जुन्नारदेव के पालाचौरई में प्रतिमा विसर्जन करते हुए कुएं में गिरे युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। शनिवार शाम हिवरासानी स्थित तालाब में डूबे युवक का रविवार दोपहर शव मिला। पुलिस ने तीनों मामलों मे मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

पेंच नदी में बहे दो युवक, एक की मौत
रविवार दोपहर इकलहरा से गणेश प्रतिमा लेकर युवक विसर्जन के लिए रिछेड़ा स्थित पेंच नदी पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान इकलहरा का 20 वर्षीय पुष्पराज पिता देेवेन्द्र साहू और विनोद नामक युवक नदी के तेज बहाव में बह गया। बताया जा रहा है कि विनोद बहाव के साथ बहकर नदी के किनारे पर आ गया। जिससे उसकी जान बच गई। वहीं पुष्पराज को जब तक आसपास के लोग पानी से बाहर निकाल पाते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर अम्बाड़ा, जुन्नारदेव और परासिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक परासिया की निजी आईटीआई में प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

विसर्जन के दौरान कुएं में गिरा युवक, मौत
जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत पालाचौरई स्थित हाई स्कूल के पीछे मौजूद कुएं में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाता है। रविवार दोपहर कुएं में प्रतिमाओं का विसर्जन चल रहा था। इस दौरान एक युवक कुएं में गिर गया। जिसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर 18 वर्षीय पंकज विश्वकर्मा गांव के कुएं में विसर्जन करने आया था। इस दौरान अनियंत्रित होकर वह कुएं में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर अम्बाड़ा चौकी में पदस्थ एसआई बीएस उईके मौके पर पहुंच गए थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

चार घंटे के रेस्क्यू के बाद मिला शव
अमरवाड़ा के ग्राम हिवरासानी से लगे तालाब में शनिवार शाम प्रतिमा विसर्जन करते हुए एक युवक डूब गया था। जिसका शव चार घंटे के रेस्क्यू के बाद रविवार दोपहर तालाब से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने बताया कि 20 वर्षीय धर्मेन्द्र पिता लाल शा नवरेती शनिवार को अपने घर में विराजी गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने तालाब गया था। यहां वह गहरे पानी में डूब गया। शनिवार को अधिक बारिश और अंधेरा होने से रेस्क्यू नहीं किया जा सका था। रविवार सुबह आठ बजे से होमगार्ड के जवानों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। लगभग चार घंटे बाद धर्मेन्द्र का शव टीम को तालाब में मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

Created On :   23 Sep 2018 5:50 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story