चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव: बीजेपी और कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार

bjp and congress declared their candidate in chitrakoot by election
चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव: बीजेपी और कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार
चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव: बीजेपी और कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेम सिंह के निधन के बाद रिक्त हुई चित्रकूट विधानसभा पर हो रहे उपचुनाव को लेकर दोनों पार्टियों ने कमर कस ली है और दोनों पार्टियों ने चुनाव के लिए अपने प्रत्याशी चुन लिए है। बीजेपी ने चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए शंकरदयाल त्रिपाठी को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है तो कांग्रेस ने नीलांशु चतुर्वेदी को। 

शंकरदयाल त्रिपाठी

बीजेपी ने जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण मौका दिया है। त्रिपाठी पूर्व में मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री और युवा मोर्चा के पदाधिकारी रहे हैं। उन्होंने वर्षों तक विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रियता से भाग लिया है। शंकरदयाल त्रिपाठी पिता स्व. छोटेलाल त्रिपाठी ग्राम पोस्ट देवरा,मझगवां, जिला-सतना के मूलनिवासी हैं। इनका जन्म 21 नवंबर 1967 को हुआ। सौम्य, सामाजिक और मिलनसार कार्यकर्ता के रूप में  त्रिपाठी की क्षेत्र में छवि है। हिन्दी साहित्य में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त  त्रिपाठी 1984 से 1989 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में विभिन्न दायित्वों में रहे। 

भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला सतना में जिला उपाध्यक्ष रहे। ग्राम पंचायत देवरा विधानसभा चित्रकूट में उप सरपंच जनपद स्तरीय अंत्योदय समिति के सदस्य रहे। सतना जिले के बिरसिंहपुर मंडल के अध्यक्ष के रूप में (1997 से 2003 तक)  त्रिपाठी ने पार्टी संगठन के कार्यों को विस्तार दिया। 2009 से 2011 के बीच पंचायत और ग्रामीण विकास प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रहे। 2014 के लोकसभा चुनाव में चित्रकूट विधानसभा के प्रभारी के रूप में त्रिपाठी ने कार्य किया। वर्तमान में पंचायत और ग्रामीण विकास प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक हैं।

कांग्रेस ने नीलांशु चतुर्वेदी को बनाया उम्मीदवार 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी ने बताया है कि चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए नीलांशु चतुर्वेदी को कांग्रेस पार्टी की ओर से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है। गौरतलब है कि चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के विधायक  प्रेम सिंह का निधन हो जाने से यह विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी, जिसके उपचुनाव की घोषणा हाल ही में की गई है।

Created On :   22 Oct 2017 9:38 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story