- Home
- /
- 22 भूखंडों का आरक्षण बदलने के खिलाफ...
22 भूखंडों का आरक्षण बदलने के खिलाफ भाजपा ने किया प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा विधायक आशिष शेलार ने आरोप लगाया है कि महानगर के बांद्रा इलाके में स्थित 22 भूखंडों का आरक्षण बदल कर उसे बिल्डरों के हवाले कर दिया गया है। शनिवार को शेलार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुंबई मनपा और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
शेलार के मुताबिक मुंबई शहर के लिए 2034 तक का विकास प्रारुप (डीपी) मंजूर किया गया है। इसके लिए नियुक्त की गई निय़ोजन समिति ने जमीनों के आरक्षण को बदल कर मुंबईकरों के अधिकार वाली जमीनों को बिल्डरों के हवाले कर दिया है। उन्होंने बताया कि बांद्रा पश्चिम विभाग के कार्टर रोड के समीप शेर्ली राजन रोड स्थित बाई अवाबाई पेट्रीट ट्रस्ट के 22 भूखंडों का आरक्षण बदल कर इसे बिल्डरों के हवाले कर दिया गया है। ये भूखंड जमीन मैदान, स्कूल, मनपा बाजार, वृद्धाश्रम, डीपी रोड के लिए आरक्षित थे जिनका आरक्षण बदल दिया गया। पूर्व मंत्री शेलार ने कहा कि करीब 1 हजार करोड़ कीमत की सार्वजनिक हित वाली जमीन बिल्डरों को उपलब्ध कराई गई है।
शेलार ने कहा कि इसको लेकर नियोजन समिति ने जब लिखित आपत्ति मांगी थी तो मैंने लिखित आपत्ति जताई थी। इसके बावजूद सारी आपत्तियों को खारिज कर जमीन का आरक्षण बदला गया। उन्होंने कहा कि इस भूमि का इस्तेमाल नागरिक सुविधाओं के लिए किया जा सकता था। शेलार ने कहा कि राज्य के पर्यावरण मंत्री पर्यावरण बचाने का दावा करते हैं और दूसरी तरफ मुंबई महानगरपालिका के सहारे आरक्षित भूखंडों का आरक्षण बदल कर खाल जमीनों तो खत्म किया जा रहा है।
Created On :   7 Aug 2021 5:44 PM IST