- Home
- /
- अशोक चव्हाण ने भाजपा पर कसा तंज,...
अशोक चव्हाण ने भाजपा पर कसा तंज, कहा आरएसएस को मानने वाले , गांधी के कब से हाेने लगे?

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महात्मा गांधी के विचारों पर चलने के आह्वान के साथ स्वच्छता संवाद यात्रा निकालने जा रही भाजपा पर कांग्रेस ने यह कह कर निशाना साधा है कि जो लोग आरएसएस के विचारों को मानते हैं, वे गांधी के कब से होने लगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा है कि महात्मा गांधी की जयंती मनाना कांग्रेस के लिए श्रद्धा का विषय है, लेकिन भाजपा ने कबसे गांधी जयंती के कार्यक्रमों की शुरुआत की, यह उससे पूछा जाना चाहिए।
गांधी प्रेम दिखावा
गौरतलब है कि भाजपा ने महात्मा गांधी की 150वीं जंयती पर स्वच्छता संवाद यात्रा का आयोजन किया है। 2 अक्टूबर 2018 से 31 जनवरी 2019 तक भाजपा यह अभियान चलाएगी। भाजपा कार्यकर्ता ‘वैष्णव जन’ गाने की धुन के साथ रैली निकालेंगे। गांधी दर्शन के पर्चे बांटेंगे। महात्मा गांधी की ग्राम विकास की अवधारणा का पालन करने का आह्वान किया जाएगा। चव्हाण ने कहा कि भाजपा का गांधी प्रेम केवल दिखावा है। भाजपा का विचार सबको मालूम है। भाजपा गांधी के बजाय आरएसएस के विचार को मानती है। नागपुर में आरएसएस का मुख्यालय है। यहां से कौन सा िवचार फैल रहा है, यह बताने की आवश्यकता नहीं है। आरएसएस और गांधी का विचार कभी साथ-साथ नहीं चल सकता है। आरएसएस के कार्यकर्ता गांधी के विचार को आत्मसात ही नहीं कर पाएंगे।
मल्लिकार्जुन खड़गे नागपुर पहुंचे
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे नागपुर पहुंच गए हैं। वे हैदराबाद से सीधे यहां आए। विमानतल पर उनका स्वागत पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे, युवा नेता विशाल मुत्तेमवार, अभिजीत वंजारी ने किया। विमानतल से वे निजी होटल पहुंचे। होटल में उनसे अन्य पदाधिकारियों ने भी मुलाकात की। श्री खड़गे ने वर्धा में कांग्रेस की सभा के सिलसिले में पदाधिकारियों से चर्चा की। सोमवार को वे स्थानीय कांग्रेस के अलग-अलग गुट के नेताओं से भी चर्चा करने जा रहे हैं। दीक्षाभूमि में दर्शन के बाद वे सेवाग्राम के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस के अन्य कई वरिष्ठ नेता नागपुर पहुंच रहे हैं। सभी नेता नागपुर से वर्धा के लिए रवाना होंगे।
Created On :   1 Oct 2018 11:07 AM IST