रिलैक्स मूड में भाजपा नेता निकले विदेश टूर पर

Bjp leader in relaxed mood turns out on foreign tour
रिलैक्स मूड में भाजपा नेता निकले विदेश टूर पर
रिलैक्स मूड में भाजपा नेता निकले विदेश टूर पर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकसभा  चुनाव के लिए मतदान के बाद राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता रिलैक्स मूड में हैं। भाजपा के कुछ नेता चुनावी थकान को मिटाने विदेश टूर पर निकल गए हैं। कुछ अन्य नेता भी तैयारी में हैं। 23 मई काे चुनाव परिणाम घोषित होने वाला है। उसके बाद विधानसभा चुनाव की व्यस्तता बढ़ जाएगी। लिहाजा, नेतागण इसी माह विदेश टूर निपटा लेना चाहते हैं। 

नितीन गडकरी के खास कार्यकर्ता दौरे पर
केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के चुनाव कार्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने वाले कुछ खास गैर-राजनीतिक कार्यकर्ता भी रिलेक्स होने निकले हैं। गडकरी के ओएसडी सुधीर देऊलगांवकर भी विदेश दौरे पर हैं। 

पालकमंत्री 6 मई को ही हुए रवाना
लोकसभा चुनाव में विदर्भ में भाजपा व शिवसेना के समन्वयक प्रमुख रहे पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने विदेश टूर का कार्यक्रम स्वयं तैयार किया है। वे 6 मई  को ही विदेश रवाना हो गए हैं। उनके साथ उनके करीबियों के तीन परिवार भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 19 मई को पालकमंत्री लौटेंगे। उनके दौरे के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी जा रही है।खबर है कि सबसे पहले वे ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुए हैं। वे तीन देशों की यात्रा करेंगे। पालकमंत्री की यह विदेश यात्रा एकदम पारिवारिक है। राजनीतिक व्यस्तता के बीच इस यात्रा के दौरान वे केवल स्वयं व परिवार को समय देना चाहते हैं। 

विधायक कृष्णा खोपड़े मतगणना के एक दिन पहले आएंगे 
पूर्व नागपुर के विधायक कृष्णा खोपड़े भी मतगणना के एक दिन पहले तक विदेश दौरे पर हैं। कुछ मित्राें के साथ वे सबसे पहले थाइलैंड के लिए रवाना हुए हैं। विदेश में हाथियों के साथ खिंचवाई गई उनकी फोटो समर्थक कार्यकर्ताओं के फाेन पर वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि इस लोकसभा चुनाव में खोपड़े की राजनीतिक व्यस्तता काफी रही है। पूर्व नागपुर में भाजपा को सबसे अधिक लीड मिल सकती है। रिलैक्स हाेने के लिए उनके सहयोगियों ने ही उनके विदेश टूर का कार्यक्रम तैयार किया है। भाजपा के शहर अध्यक्ष सुधाकर कोहले भी शनिवार को परिवार सहित विदेश के लिए रवाना हुए हैं। 

मनपा के स्थायी समिति के पूर्व सभापति वीरेंद्र कुकरेजा परिवार के साथ यूरोप में हैं। कुकरेजा प्रतिवर्ष समर वोकेशन के तौर पर गर्मी से राहत पाने विदेश जाते रहते हैं। लंदन जैसे शहर उनके पसंदीदा स्थल हैं। 

इधर, कांग्रेस के नेता राजनीतिक तौर पर व्यस्त
कांग्रेस में फिलहाल बड़े नेता राजनीतिक दौरे पर व्यस्त हैं। अविनाश पांडे, मुकुल वासनिक, नितीन राऊत, अनीस अहमद विविध राज्यों में पार्टी कार्य में व्यस्त हैं। नाना पटोले केरल में चुनाव कार्य के दौरान पर्यटन क्षेत्र से फुटबॉल खेलकर लौटे हैं। 
 

Created On :   13 May 2019 5:10 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story