- Home
- /
- कांग्रेस के सम्पर्क में हैं भाजपा...
कांग्रेस के सम्पर्क में हैं भाजपा विधायक - मंत्री ठाकुर का दावा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य की महिला व बाल कल्याण मंत्री-कांग्रेस नेता यशोमती ठाकुर ने दावा किया है कि प्रदेश में भाजपा के 105 में से कुछ विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनके नाम सार्वजनिक कर दिये गये तो ‘भूकंप" आ जायेगा। राजस्थन में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की सत्ता की भूख इतनी बढ़ गई है कि वह ‘गंदी राजनीति" का सहारा ले रही है। ठाकुर ने यह भी कहा कि शिवसेना की अगुवाई वाली महा विकास अघाडी सरकार स्थिर है।
शुक्रवार को ट्विटर पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुये ठाकुर ने भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर हमला बोला और कहा कि वह ऐसे लोगों से घिरे हैं जो बाहरी है। वह उन नेताओं का हवाला दे रही थी जिन्होंने प्रदेश में पिछले साल होनेवाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस एवं राकांपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा के 105 विधायकों में से कितने लोग दूसरे दलों से आये हैं? क्या आप गारंटी लेते हैं कि वे सब हमेशा भाजपा के साथ रहेंगे? पार्टी के 105 विधायकों में से उन विधायकों के नाम का खुलासा हो जाये, जो कांग्रेस के संपर्क में हैं तो भूकंप आ जायेगा। कांग्रेस नेता ने भाजपा की आलोचना करते हुये कहा कि केंद्र में बहुमत की सरकार होने के बावजूद यह राज्यों में दूसरी पार्टी की सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है।प्रदेश की महिला एवं बाल कल्याण विभाग मंत्री ने कहा कि भाजपा की सत्तालोलुपता और गंदी राजनीति कर्नाटक, मध्य प्रदेश और अब राजस्थान में दिखी है। उन्होंने कहा-महाराष्ट्र सरकार स्थिर है, राज्य ने देश को नया सूत्र दिया है और मुझे लगता है कि यह सफल होगा।
Created On :   17 July 2020 6:32 PM IST