शिवाजी महाराज को लेकर विवादों में घिरे भाजपा विधायक प्रसाद लाड 

BJP MLA Prasad Lad embroiled in controversies regarding Shivaji Maharaj
शिवाजी महाराज को लेकर विवादों में घिरे भाजपा विधायक प्रसाद लाड 
जन्म स्थान कोंकण बताने पर किरकिरी शिवाजी महाराज को लेकर विवादों में घिरे भाजपा विधायक प्रसाद लाड 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्म स्थान के बारे में टिप्पणी करने को लेकर अब भाजपा विधायक प्रसाद लाड विवादों में घिर गए हैं। लाड द्वारा शिवाजी महाराज का जन्म स्थान कोंकण बताने को लेकर हंगामा शुरू हो गया है। विपक्ष के साथ ही भाजपा के सहयोगी शिंदे गुट के नेता भी लाड के खिलाफ आक्रामक हो गए हैं। विवाद बढ़ने के बाद रविवार को लाड ने शिवाजी महाराज का गलत जन्म स्थान बताने को लेकर माफी मांग ली है। लाड ने कहा कि मैं शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवाजी महाराज का जन्मस्थान कोंकण बताया था। लेकिन मंच पर मुझे किसी ने मुझे मेरी लगती बताई। इसके बाद मैंने तुरंत ही गलती सुधार लिया था। मैंने स्पष्ट कहा था कि शिवाजी महाराज का जन्म पुणे के शिवनेरी किले पर हुआ था और उनका बचपन कोंकण में बिता है। इसके बावजूद यदि मेरे बयान से किसी के मन में ठेंस पहुंची है तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। लाड ने कहा कि राकांपा सहित विपक्ष को शिवाजी महाराज पर राजनीति करना बंद कर देना चाहिए क्योंकि मैंने अपनी गलती को तुरंत सुधार लिया था। दूसरी ओर लाड के माफी के बावजूद विपक्ष का आक्रामक तेवर बरकरार है।

 विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि भाजपा के नेताओं में शिवाजी महाराज का अपमान करने की स्पर्धा शुरू हो गई है। शिवाजी महाराज का बार-बार अपमान करना भाजपा का एजेंडा बन गया है। महाराष्ट्र की मिट्टी के कण-कण को मालूम है कि शिवाजी महाराज का जन्म शिवनेरी किले पर हुआ था। लाड को शिवाजी महाराज का इतिहास दोबारा पढ़ाना चाहिए। दानवे ने कहा कि शिवाजी महाराज के खिलाफ राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, भाजपा सांसद तथा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी और प्रदेश के पर्यटन मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा के बाद अब विधायक लाड ने टिप्पणी की है। जबकि प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि लाड ने शिवाजी महाराज का जन्म स्थान ही बदल दिया है। भाजपा ने शिवाजी महाराज की बदनामी की साजिश रची है। जिसको राज्य की जनता और कांग्रेस कभी सहन नहीं करेगी। महंगाई, बेरोजगारी जैसे मूल मुद्दों पर ध्यान भटकाने के लिए भाजपा के नेता शिवाजी महाराज पर विवादित टिप्पणी कर रहे हैं। जिससे कि लोगों का ध्यान बुनियादी मुद्दों से भटक जाए। वहीं प्रदेश राकांपा ने लाड का वीडियो ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपा को दूसरे को इतिहास सिखाने के बजाय अपने विधायक को शिवाजी महाराज का इतिहास पढ़ाना चाहिए। 

शिवाजी महाराज का जन्म शिवनेरी किले पर - मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नागपुर में कहा कि शिवाजी महाराज महाराष्ट्र आराध्य देवता हैं उनकी तुलना किसी से नहीं हो सकती है। पूरे विश्व को मालूम है कि शिवाजी महाराज का जन्म पुणे में स्थित शिवनेरी किले पर हुआ है। 

गड्ढे में चला जाए मंत्री पद छोड़ूंगा नहीं- पाटील 
शिंदे गुट के नेता तथा प्रदेश के जलापूर्ति व स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटील ने कहा कि मेरा मंत्री पद गड्ढे में चला जाए। मैं शिवाजी महाराज के खिलाफ टिप्पणी करने वालों को नहीं छोडूंगा। चाहे वह किसी भी दल के नेता हो। पाटील ने कहा कि जिन्होंने शिवाजी महाराज के बारे में पढ़ा है केवल उन्हें ही उनके बारे में बोलना चाहिए। शिवाजी महाराज के बारे में बोलने के लिए एक आचार संहिता बनाई जानी चाहिए। 

मूर्ख व्यक्ति हैं लाड- संभाजी राजे 
पूर्व सांसद छत्रपति संभाजी राजे ने कहा कि लाड मूर्ख व्यक्ति हैं। सत्ताधारी दल का कोई विधायक इतना गैर जिम्मेदाराना बयान कैसे दे सकता है? बीते तीन से चार महीनों में लगातार भाजपा के ही नेता शिवाजी महाराज के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं। इसके पीछे कोई साजिश है क्या? यह खुद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पता लगाना चाहिए। 
 

Created On :   4 Dec 2022 7:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story