- Home
- /
- उप चुनाव में मैदान छोड़ कर भाग गई...
उप चुनाव में मैदान छोड़ कर भाग गई भाजपाः उद्धव ठाकरे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा की अंधेरी पूर्व सीट के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार मुरजी पटेल के पर्चा वापस लेने के बावजूद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सत्तारूढ़ भाजपा पर तल्ख टिप्पणी की है। मंगलवार को मातोश्री में बुलढाणा के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उद्धव ने दावा करते हुए कहा कि उपचुनाव में भाजपा मैदान छोड़कर भाग गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शिवसेना को मानसिक रूप से परेशान व छल करने और पार्टी को खत्म करने की कोशिश कर रही है। उद्धव ने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि मैंने उपचुनाव में पर्चा वापस लेने के लिए आग्रह नहीं किया। लेकिन मैं अपील क्यों करूं? मेरी पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह जब्त किया गया। इतना करने के बाद भाजपा ने उम्मीदवार खड़ा किया और अब चुनाव मैदान छोड़कर भाग गई। फिर यह सब किया ही क्यों? केवल शिवसेना के साथ मानसिक छल और पार्टी को खत्म करने का उद्देश्य था। उद्धव ने कहा कि भाजपा के उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने के बाद भी उपचुनाव के लिए 3 नंवबर को मतदान होगा। उपचुनाव में शिवसेना की ओर से ऋतुजा लटके मैदान में हैं। इस बीच उद्धव ने कहा कि मैं जल्द ही राज्य का दौरा शुरू करूंगा।
‘ड्रामा था नामांकन वापस लेना’
दूसरी तरफ से शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के मुख पत्र सामना में प्रकाशित संपाककीय में कहा गया है कि भाजपा का अपने उम्मीदवार का नाम वापस लेना एक ड्रामा था। भाजपा व शिंदे गुट की गाडी दुर्घटना ग्रस्त होने वाली थी इस लिए यू टर्न ले लिया। पार्टी ने कहा है कि यह मशाल की पहली जीत है। हार साफ दिखाई दे रही थी इस लिए भाजपा व शिंदे गुट ने मैदान छोड़ दिया। जलती हुई मशाल अब महाराष्ट्र व देश को रोशन करेगी।
Created On :   18 Oct 2022 7:29 PM IST