सीधे संवाद साधेगी BJP, चलाएगी जनसंपर्क अभियान

BJP to launch public relations campaign for lok sabha election 2019
सीधे संवाद साधेगी BJP, चलाएगी जनसंपर्क अभियान
सीधे संवाद साधेगी BJP, चलाएगी जनसंपर्क अभियान

डिजिटल डेस्क,  नागपुर। चुनाव तैयारी में जुटी शहर भाजपा सरकारी योजनाओं के माध्यम से जनता को लुभाने का प्रयास करेगी। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर लाभार्थी सम्मेलनों का आयोजन होगा। सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद साधा जाएगा। इसके अलावा अन्य कार्यक्रम भी लिए जाएंगे। इनमें विधायकों, नगरसेवकों के अलावा संगठन पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। 8 जून से भाजपा का शहर में जनसंपर्क अभियान आरंभ हो रहा है। इस अभियान के प्रमुख विधायक सुधाकर देशमुख बनाए गए हैं। भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी के मार्गदर्शन में अभियान की व्यूहरचना की गई है। प्रयास यही रहेगा कि, समाज के प्रत्येक वर्ग तक भाजपा के कार्य व नीति की जानकारी पहुंचायी जाए। बाइक रैली, स्वच्छता अभियान, बुद्धिजीवी व समरसता सम्मेलनों का भी आयोजन होगा।

गौरतलब है कि, भाजपा ने 26 मई से 14 जून तक शहर में जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया था, लेकिन भंडारा-गोंदिया लोकसभा उपचुनाव व गडकरी के जन्मदिन कार्यक्रम की तैयारी के चलते अभियान शुरु नहीं किया जा सका। इस बीच विविध जनसंपर्क कार्यक्रमों के लिए विशेष कार्यकारिणी भी तैयार की जा रही है। बताया जा रहा है कि, 5 जून तक जनसंपर्क मामले में कार्यकारिणी तय हो जाएगी। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर लाभार्थी सम्मेलन के प्रमुख संबंधित क्षेत्र के विधायक रहेंगे। दक्षता समिति, संजय गांधी निराधार योजना समिति के अलावा अन्य समितियों के प्रमुख भी सम्मेलन में प्रमुख जिम्मेदारी निभाएंगे।  लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की विविध योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। बुद्धिजीवी सम्मेलन में डाक्टर, इंजीनियर, साहित्यकार के अलावा अन्य प्रबुद्धजन शामिल रहेंगे।

होगा बड़ा सम्मेलन
जरीपटका क्षेत्र में बड़ा बुद्धजीवी सम्मेलन होगा। चलो बूथ की ओर कार्यक्रम के तहत प्रत्येक बूथ पर कम से कम 100 लोगों से संपर्क करने का निर्णय लिया गया है। धर्मपाल मेश्राम के नेतृत्व में समरसता सम्मेलन होगा। विधान परिषद सदस्य गिरीश व्यास के नेतृत्व में संगठन के इतिहास व सिद्धांतों की जानकारियां दी जाएगी। युवा मोर्चा रैलियों के माध्यम से जनसंपर्क करेगा। स्वच्छता अभियान के तहत शहर में पुतले साफ करने का काम भाजपा के कार्यकर्ता करेेंगे। 6 जून को जनसंपर्क कार्य की नई टीम घोषित होगी। अभियान नियोजन संबंधी बैठक में विधायक विकास कुंभारे, उपमहापौर दीपराज पार्डीकर, एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष पारधी, पूर्व महापौर कल्पना पांडे, संदीप जाधव, किशारे पलांदूरकर, भोजराज डुंबे, राजेश बागड़ी, मनपा स्थायी समिति के सभापति विक्की कुकरेजा,जयप्रकाश गुप्ता, बंडू राऊत, संजय ठाकरे, किशन गावंडे, कीर्तिदा अजमेरा, शिवानी दाणी, वंदना खुशलानी, भोलानाथ सहारे, चंदन गोस्वामी उपस्थित थे। 

Created On :   2 Jun 2018 4:54 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story