- Home
- /
- रेल ने किया खेल, BJP नेता निकले थे...
रेल ने किया खेल, BJP नेता निकले थे भाषण सुनने, प्रोग्राम खत्म होने पर पहुंचे मुंबई

डिजिटल डेस्क,नागपुर। भाजपा के स्थापना दिन समारोह में शामिल होने के लिए निकले नागपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं की खूब फजीहत हुई। रेल सेवा ने कार्यकर्ताओं की उम्मीदों और उत्साह पर पानी फेर दिया। नागपुर शहर के कार्यकर्ता तो समारोह स्थल पर नेताआें के भाषण समाप्त होने तक जैसे तैसे पहुुंच पाये। लेकिन जिला ग्रामीण के कार्यकर्ता समारोह समाप्त होने तक भी मुंबई नहीं पहुंच पाये। खास बात यह है कि रेल सेवा के मुखिया अर्थात रेलमंत्री पीयूष गोयल भी मुंबई के कार्यक्रम में मंच पर थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित थे। फडणवीस के समर्थक कार्यकर्ता ही बड़ी संख्या में नागपुर से रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि भाजपा विशेष रेल के चलने के शेडयूल में कुछ परिवर्तन करने के कारण यह स्थिति बनी। विशेष रेल को गुजरात होते हुए मुंबई ले जाया गया। विविध अड़चनों के चलते मुंबई पहुंचने में रेल को देरी हुई।
ट्रैक बदलने से पहुंच गए गुजरात
गौरतलब है कि शुक्रवार को मुंबई में भाजपा का 38 वां स्थापना दिन समाराेह मनाया गया। समारोह में भाजपाध्यक्ष अमित शाह, भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी, रेलमंत्री पीयूष गोयल,मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दानवे के अलावा राज्य मंत्रिमंडल के मंत्री व भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे। समारोह के माध्यम से भाजपा ने प्रदेश स्तर पर शक्ति प्रदर्शन किया। नागपुर विभाग सेे भाजपा कार्यकर्ताओं को मुंबई ले जाने के लिए करीब 10 ट्रेन भाजपा ने बुक की थी। इनमें नागपुर मुख्य स्टेशन, अजनी स्टेशन, गाेंदिया, बल्लारपुर, वर्धा से विशेष ट्रेन रवाना करना तय था। विशेष ट्रेन करीब 25-25 लाख रुपये में बुक करायी थी। गुरुवार को रेल प्रशासन व भाजपा नेताओं के बीच समन्वय नहीं हो पाया। अजनी स्टेशन से सुबह 7.50 बजे के निर्धारित समय से ट्रेन रवाना हुई तो 32 कार्यकर्ता ही वहां पहुंचे थे। उन कार्यकर्ताओं को लेकर ही विशेष ट्रेन रवाना हो गई। करीब 2000 कार्यकर्ताओं को उस ट्रेन से मुंबई जाना था। लिहाजा शेष कार्यकर्ताओं को वर्धा से जानेवाली विशेष ट्रेन में समायोजित किया गया। कार्यकर्ताओं व समय के समायोजन के चलते दोपहर करीब 3.25 बजे अजनी स्टेशन से विशेष ट्रेेन रवाना हुई। वह ट्रेन शुक्रवार को दाेपहर 1.30 बजे मुंबई पहुंची। भाजपा के स्थापना दिन समारोह में कार्यकर्ता पहुंचे तब तक भाजपा नेताओं का भाषण समाप्त हो चुका था। नागपुर मुख्य रेल स्टेशन से निकली भाजपा की दूसरी विशेष ट्रेन 3.30 बजे रवाना हुई। आमतौर पर नागपुर से मुंबई जानेवाली ट्रेन भुसावल,इगतपुरी, ठाणे होते हुए जाती है। लेकिन नागपुर विभाग से निकली भाजपा विशेष ट्रेन जलगांव, नांदूरबार, अमलनेर, बलसाड हाेते हुए मुंबई रवाना हुई। इस ट्रेन में नागपुर ग्रामीण के 6 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता थे। वे मुंबई पहुंचे तब तक कार्यक्रम समाप्त हो चुका था। बलसाड रेलवे स्टेशन गुजरात में है। रेल की लेटलतीफी पर कई कार्यकर्ता विनोदी अंदाज में कहते हैं कि वे महाराष्ट्र भाजपा के कार्यक्रम में जाने तो निकले थे पर गुजरात ने जाने नहीं दिया।
Created On :   6 April 2018 4:20 PM IST