- Home
- /
- राम मंदिर के लिए घर-घर जाकर, चंदा...
राम मंदिर के लिए घर-घर जाकर, चंदा जुटाएंगे भाजपा कार्यकर्ता

डिजिटल डेस्क,मुंबई। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर के निर्माण के लिए निधि संकलन के काम में प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी होगी। भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर राम मंदिर के लिए निधि जुटाएंगे। बुधवार को प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक में निधि संकलन के काम की तैयारी को लेकर चर्चा हुई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि निधि संकलन के लिए पार्टी के कार्यकर्ता अलग से लोगों के पास नहीं जाएंगे बल्कि वे विश्व हिंदू परिषद समेत दूसरे संगठनों के साथ बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर निधि जुटाने का काम कैसे करना है इसको लेकर योजना बनाएंगे। इसके बाद सभी लोग मिलकर घर-घर जाएंगे। निधि संकलन के लिए राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की रसीद का इस्तेमाल किया जाएगा। पाटील ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मंदिर निर्माण के लिए घर-घर जाकर लोगों से कम से कम 10 रुपए का योगदान देने की अपील करेंगे।
घोटाला कर जीता विधान परिषद चुनाव
इसी बीच पाटील ने कहा कि बैठक में विधान परिषद चुनाव में पार्टी को मिली हार की समीक्षा की गई। पाटील ने कहा कि राज्य में सत्ताधारी दलों ने घोटाला करके चुनाव जीता है। मैं सत्ताधारियों के घोटाले का खुलासा अगले 15 दिनों में करूंगा। इससे पहले इस संबंध में चुनाव आयोग और हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी। पाटील ने कहा कि विधान परिषद की स्नातक सीटों पर हजारों मतदाता ऐसे हैं जो स्नातक ही नहीं हैं। ये वोटर सातवीं, आठवीं और नौवीं कक्षा पास हैं।
चुनावी वर्ष के लिए भाजपा ने कसी कमर
राज्य में चल रहे 14 हजार 243 ग्राम पंचायतों के चुनाव के अलावा आगामी समय में होने वाले 5 मनपा और 92 नगर पालिकाओं के चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कर ली है। विधान परिषद की पांच सीटों पर हुए चुनाव में हार के बाद भाजपा ने आगामी चुनावों के लिए नए सिरे से रणनीति बनाई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटील ने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में आगामी चुनावों को लेकर चर्चा हुई। इसके तहत भाजपा के 28 पदाधिकारी 8 जनवरी से तीन दिनों के लिए हर जिले का दौरा करेंगे। यह पदाधिकारी ग्राम पंचायतों के चुनाव में उम्मीदवारों के नामांकन वापसी की स्थिति, भाजपा के कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक सीटों पर जीताने के लिए प्रयास करेंगे।
Created On :   6 Jan 2021 7:47 PM IST