- Home
- /
- अभिनेता एजाज खान की महिलाओं के...
अभिनेता एजाज खान की महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर भड़का भाजपा युवा मोर्चा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय जनता युवा मोर्चा, मुंबई के अध्यक्ष मोहित कंबोज ने महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया नेटवर्किंग साइट्स पर गंदे कमेंट करने वाले अभिनेता एजाज खान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) देवेन भारती से की गई शिकायत में कंबोज ने कहा है कि अभिनेता एजाज खान लंबे समय से कई महिलाओं और पूरी महिला समाज के बारे में अशोभनीय टिप्पणी कर रहे हैं। अपने इस तरह के कमेंट से वे खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। कंबोज ने कहा, "अभिनेता ने विभिन्न सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर फर्जी अकाउंट बनाया है और उसी अकाउंट्स से गाली गलौज की भाषा में लोगों के खिलाफ कमेंट करते रहते हैं।"
शिकायत में कंबोज ने पुलिस से मांग की है कि पुलिस की साइबर सेल से एजाज खान के ट्विटर अकाउंट से उनके लोकेशन का पता लगाकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करनी चाहिए और इस तथाकथित अभिनेता को फौरन गिरफ्तार किया जाना चाहिए। ताकि महिलाओं पर इस तरह की टिप्पणी करने के लिए उन्हें सबक सिखाया जा सके। शिकायत में अभिनेता एजाज खान के कई ट्विट्स की कॉपी भी अटैच की गई है। शिकायत की कॉपी कंबोज ने खुद संयुक्त पुलिस आयुक्त को सौंपी। शिकायत की कॉपी मुख्यमंत्री और मुंबई के पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई है।
Created On :   28 Feb 2018 11:53 PM IST