भाजपा का दावा पचा नहीं,  भेजें पाचक गोलियां :  सावंत

BJPs claim not digested, send digestive bullets: Sawant
भाजपा का दावा पचा नहीं,  भेजें पाचक गोलियां :  सावंत
भाजपा का दावा पचा नहीं,  भेजें पाचक गोलियां :  सावंत

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  महराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व प्रवक्ता सचिन सावंत ने कोरोना के संकट के बीच भारतीय जनता पार्टी की ओर से महाविकास आघाडी सरकार के खिलाफ किए गए आंदोलन की सफलता के दावे को हास्यस्पद बताया है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा को भविष्य में आंदोलन की सफलता के प्रेसनोट के साथ हाजमोला अथवा पाचक गोलियां भेजने की सलाह दी है। श्री सावंत ने कहा कि राज्य की महा विकास आघाडी सरकार के खिलाफ भाजपा का आंदोलन पूरी तरह से विफल रहा है। संकट की इस घड़ी में सरकार का साथ देने की बजाय भाजपा द्वारा आंदोलन करना जनता को बिल्कुल पसंद नहीं आया है। फिर भी पार्टी की तरफ से आंदोलन में लाखों की संख्या में लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। जबकि यह सच्चाई से परे है। इसलिए भाजपा को प्रेसनोट के साथ पाचक गोलियां भेजनी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामिल होने के संबंध में भाजपा की ओर से दो प्रेस नोट भेजे गए थे। शाम सात बजे भेजे गए प्रेसनोट में राज्यभर में ढाई लाख लोगों के आंदोलन में शामिल होने का दावा किया गया। उसके बाद रात आठ बजकर 56 मिनट पर दूसरा प्रेस नोट जारी किया गया। इसमें ढाई लाख परिवार और आठ लाख 75 हजार चार सौ 67 लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। उन्होंने कहा कि जिस तेजी से भाजपा ने प्रेसनोट में लोगों की संख्या को बढ़ाई है उसके हिसाब से 15 दिन में पूरा महाराष्ट्र भाजपा के आंदोलन में शामिल होगा। जबकि हकीकत इससे अलग है। सावंत ने आरोप लगाया कि लगातार झूठ बोलना व निराधार दावे करना भाजपा की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के सफल होने का भाजपा का दावा हास्यस्पद है। भाजपा के अहंकार का गुब्बारा फूट गया है फिर भी वह वास्तविकता से दूर है। 
    


 


 

Created On :   23 May 2020 5:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story