सऊदी में रहने वाली कश्मीरी महिला डॉक्टर की तस्वीर से छेड़छाड़ कर किया ब्लैकमेल, गिरफ्तार

Blackmail to Kashmiri woman doctor who lived in Saudi Arabia
सऊदी में रहने वाली कश्मीरी महिला डॉक्टर की तस्वीर से छेड़छाड़ कर किया ब्लैकमेल, गिरफ्तार
सऊदी में रहने वाली कश्मीरी महिला डॉक्टर की तस्वीर से छेड़छाड़ कर किया ब्लैकमेल, गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,  मुंबई। सऊदी अरब में रहने वाली जम्मू-कश्मीर की एक महिला डॉक्टर से नजदीकी बढ़ाकर उनकी तस्वीरें मोबाइल से चुराने और फिर तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर दो लाख रुपए मांगने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बरेली इलाके में सलून की दुकान खोलने के लिए उसने महिला को ब्लैकमेल करने की कोशिश की। आरोपी ने बताया कि उसने अपराध इसलिए अंजाम दिया क्योंकि उसे लगता था कि आर्थिक स्थित अच्छी होने और सऊदी अरब में रहने के चलते महिला इतनी छोटी रकम की शिकायत नहीं करेगी। 

सहायता के बदले मिला धोखा

गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहम्मद ताबीश अहमद मलिक (26) है। मलिक पहले सऊदी अरब के तैफ शहर में स्थित गारमेंट मॉल में नौकरी करता था। यहीं पिछले साल अक्टूबर महीने में खरीदारी करने पहुंची महिला डॉक्टर से आरोपी की मुलाकात हुई। इस शहर के एक अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी के रुप में कार्यरत महिला डॉक्टर को मलिक ने अपने हिंदुस्तानी होने की बात बताई। साथ ही बताया कि उसे काम के पैसे नहीं दिए जा रहे हैं। महिला सहानुभूति के चलते परेशानी में मलिक की मदद कर देती थी। इसी दौरान आरोपी ने धोखे से महिला के मोबाइल से तस्वीरें ट्रांसफर कर ली इसके बाद इसी साल 26 सितंबर को एग्जिट वीजा पर सऊदी अरब से मुंबई आ गया।

इस तरह तस्वीरों से की छेड़छाड़

मुंबई पहुंचने के बाद आरोपी ने महिला की तस्वीरों के साथ एडिटिंग के जरिए छेड़छाड़ की और उसे अश्लील तस्वीरें बनाकर महिला को ब्लैकमेल करने की कोशिश शुरू कर दी। आरोपी ने महिला से दो लाख रुपए मांगे और पैसे न देने पर महिला के रिश्तेदारों को तस्वीरें भेजने की धमकी दी। आरोपी बातचीत के लिए सऊदी अरब का नंबर इस्तेमाल करता था साथ ही उसने महिला को डराने के लिए टेक्सनाऊ नाम के मोबाइल एप पर अश्लील तस्वीरें भी भेजी। इसके अलावा आरोपी अलग-अलग नंबरों का ह्वाट्सएप और आईएमओ नंबर इस्तेमाल कर रहा था। शुरूआत में महिला ने 20 हजार रुपए आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए लेकिन मांग जारी रही तो महिला ने मुंबई पुलिस से शिकायत की। मेघवाडी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज होने के बाद अपराध शाखा की टीम ने समानांतर जांच शुरू की। एसीपी नेताजी भोपले के मार्गदर्शन में पुलिस इंस्पेक्टर संजय निकुंबे की टीम ने आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में स्थित फरेदीया गांव का रहने वाला है।   
 

Created On :   15 Oct 2018 6:02 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story