- Home
- /
- विवाहित प्रेमी युगल के रक्तरंजित शव...
विवाहित प्रेमी युगल के रक्तरंजित शव मिले

डिजिटल डेस्क, परतवाड़ा (अमरावती)। परतवाड़ा थाना क्षेत्र के अंजनगांव सुर्जी रोड स्थित येणी पांढरी खेत शिवार में एक 48 वर्षीय विवाहित प्रेमीयुगल के बुधवार को खून से लथपथ शव बरामद होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों मृतक कांडली परिसर के निवासी हैं। मृतकों के पास खून से सना चायना चाकू भी बरामद हुआ है। दोनों की मृत्यु गला काटने से हुई है। विवाहित प्रेमीयुगल ने आत्महत्या की अथवा उनकी हत्या की यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। घटना को लेकर अचलपुर तहसील में तरह-तरह की चर्चा व्याप्त हैं। वहीं, देर रात मृतिका महिला के पति ने हत्या की आशंका की शिकायत थाने में दी।
जानकारी के मुताबिक मृतकों के नाम कांडली परिसर के वनश्री काॅलोनी निवासी सुधीर रामदास बोबडे (48) और कांडली के रामनगर निवासी अलका मनोज दोडके (48) हैं। दोनों विवाहित थे। सुधीर बोबडे कांडली परिसर के कविठा स्टैंड पर महाकाल पानसेंटर चलाता था जबकि अलका परतवाड़ा की एक कपड़ा दुकान में कार्यरत थी और घर में सिलाई का काम करती थी। सुधीर को दो बेटे हैं, जबकि अलका को दो बेटी और एक मूकबधिर बेटा है। अलका की दोनों बेटी का विवाह भी हो गया है लेकिन प्यार अंधा होता है। प्रेम संबंधाें के चलते अलका ने किसी की परवाह नहीं की। वहीं, सुधीर का परिवार रहने के बावजूद वह भी अलका के प्यार में था। दोनों विवाहित प्रेमीयुगल मंगलवार 22 फरवरी को दोपहर 3 बजे से लापता थे।
दोपहर के बाद पत्नी अलका घर न लौटने से उसके पति मनोज दोडके ने रात 2 बजे परतवाड़ा थाने में उसके लापता होने की शिकायत भी दर्ज करवाई थी लेकिन सुधीर कई बार रात में घर नहीं आता था जिससे उसके परिवार के सदस्यों ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया। परतवाड़ा-अंजनगांव मार्ग के येणी पांढरी गांव के राकेश अग्रवाल के खेत में स्थित टीनशेड में खून से लथपथ अवस्था में दाेनों के शव पड़े होने की जानकारी गांव में हवा की तरह फैल गई। पांढरी गांव के पुलिस पाटील ने जानकारी परतवाड़ा पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही उपविभागीय पुिलस अधिकारी हसन गौहर, थानेदार संतोष तले का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। नागरिकों की भीड़ घटनास्थल पर काफी जमा हो गई थी। सुधीर के गले पर और छाती पर धारदार चाकू के गोदने के निशान थे। साथ ही अलका के पेट पर और गले पर गहरे निशान थे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर फॉरेंसिक दल को बुलाकर मृतकों के खून के नमूने लिए हैं। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए अचलपुर उपजिला अस्पताल पहुंचा दिए गए। रात को समाचार लिखे जाने तक अलका दोडके का पोस्टमार्टम जारी था। जबकि सुधीर बोबडे के शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को सुबह किया जाएगा। पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Created On :   24 Feb 2022 6:23 PM IST