अवैध शराब बेचने के विरोध पर खूनी संघर्ष, एक की मौत दूसरा गंभीर

Bloody clash against protest of selling illegal liquor
अवैध शराब बेचने के विरोध पर खूनी संघर्ष, एक की मौत दूसरा गंभीर
अवैध शराब बेचने के विरोध पर खूनी संघर्ष, एक की मौत दूसरा गंभीर

डिजिटल डेस्क, रीवा। जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की जहां जान चली गई, वहीं दूसरा जिन्दगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। आरोपी पक्ष से भी दो लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार पुलिस की निगरानी में संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में चल रहा है।

पुरैना निवासी विनीत तिवारी अपनी बोलेरो में सवार थे।  बोलेरों पुरैना गांव का ही रामकृपाल यादव उर्फ चुनकाना चला रहा था। इस बोलेरों में तीन अन्य लोग भी शामिल थे। वहीं राहुल मिश्रा सहित चार लोग दो बाइक में सवार होकर पहुंचे थे। यहां जैसे ही विनीत और राहुल आमने-सामने आए तो मारपीट शुरू हो गई।  दोनो पक्षों में जमकर मारपीट हुई है। बोलेरो चला रहे रामकृपाल के गर्दन पर गुप्तीनुमा किसी औजार से प्रहार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पिस्टल भी बरामद
आरोपी राहुल मिश्रा के विरूद्ध कई अपराध बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक विनीत तिवारी भी पुरानी निगरानी बदमाश में है। लेकिन इधर उसका कोई अपराध नहीं है। बताते हंै कि इस घटना के बाद पुलिस को एक पिस्टल भी मिली है। यह पिस्टल आशीष शुक्ला की बताई जा रही है। हालांकि अभी पुलिस इस बारे में कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं कह रही है।

परिजन बोले, अवैध दारू की बिक्री बंद कराने की बात पर हुआ हमला
गंभीर रूप से घायल विनीत के परिजन का कहना है कि उनके गांव में अवैध रूप से शराब का कारोबार चल रहा है। विनीत द्वारा इसका विरोध किया जाता था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। रात में ही विनीत पर लोग हमला करने आए, लेकिन वे सफल नहीं हुए। सुबह पुरैना मोड़ पर हमला हो गया।

यूपी से भी आया था एक युवक
इस घटना में राहुल मिश्रा भी गंभीर रूप से चोटिल हुआ है। इसके अलावा आशीष शुक्ला नामक युवक भी गंभीर रूप से घायल है, जो कोरांव इलाहाबाद यूपी का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि इस घटना में राहुल मिश्रा के साथ आशीष शुक्ला, गुड्डू उर्फ आकाश शुक्ला और शुभम उपाध्याय भी थे। घटना के बाद जब ये लोग भागे तो बोलेरो में सवार लोगों ने इनका पीछा किया। इस दौरान ठोकर लगी और ये भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए।

इनका कहना है
दो गुटों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आज दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई है। गोली नहीं चली है। इस पूरे घटनाक्रम  की बारीकी से जांच हो रही है। वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आशुतोष गुप्ता, एडिशनल एसपी

Created On :   25 May 2018 1:55 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story