बीएमसी कमिश्नर ने अमेरिका में खरीदी है संपत्ति

BMC commissioner has bought property in America
बीएमसी कमिश्नर ने अमेरिका में खरीदी है संपत्ति
भाजपा नेता मोहित कंबोज भारतीय का दावा  बीएमसी कमिश्नर ने अमेरिका में खरीदी है संपत्ति

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य की महा विकास आघाडी पर टिप्पणियों की वजह से सरकार के निशाने पर आए भाजपा नेता मोहित कंबोज भारतीय ने दावा किया है कि मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने अमेरिका में संपत्ति खरीदी है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इसकी शिकायत सबूतों के साथ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) व आयकर विभाग सहित सभी जांच एजेंसियों से करेंगे।  गौरतलब है कि बीएमसी के स्थाई समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव पर हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार करने के आरोप लगे हैं। पिछले दिनों उनके घर पर आयकर विभाग के छापे भी पड़े थे जिसमें करोड़ों की बेनामी संपत्तियों की जानकारी मिली थी। आयकर विभाग ने शुक्रवार को चहल को भी नोटिस जारी की थी। मोहित ने कहा कि महाराष्ट्र में ठाकरे सरकार के ब्लू आइज ब्वॉय इकबाल सिंह चहल पहले ऐसे मनपा कमिशनर हैं जिसे आयकर विभाग ने नोटिस जारी किया है। उन्होंने सवाल उठाए कि आखिर केवल नेताओं की ही जांच क्यों होती है। वरिष्ठ नौकरशाहों की जांच क्यों नहीं। भाजपा नेता ने कहा कि स्थाई समिति के फैसले बगैर मनपा आयुक्त के मंजूरी के नहीं हो सकते। बैगर चहल की मिलीभगत के स्थाई समिति में इतना बड़ा भ्रष्टाचार हो ही नहीं सकता। मोहित ने दावा किया कि चहल ने विदेशों में संपत्ति बनाई है। इसकी शिकायत हम एजेंसियों से करने जा रहे हैं। मोहित ने यह भी दावा किया कि जल्द ही एक आईपीएस अधिकारी का भी नकाब उतरने वाला है। 

मस्जिदों से हटाए जाए अवैध लाउडस्पीकर
मुंबई पुलिस कमिश्नर संजय पांडे की कार्य प्रणाली की तारीफ करते हुए मोहित ने कहा कि पुलिस कमिश्नर बनने के बाद उन्होंने कई अच्छे कार्य किए हैं। अब उनसे एक और अच्छे काम की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अजान एक संवेदनशील मुद्दे है पर यह बात किसी किताब में नहीं लिखी है कि अजान के लिए लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया जाए। देश की कई अदालतों ने इस पर रोक लगाने की बात कही है। मुंबई पुलिस आयुक्त मस्जिदों पर लगे अवैध लाउडस्पीकर हटवाएं। क्योंकि लाउडस्पीकर से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक मंगल प्रभात लोढा इस विषय को लेकर जल्द ही मुंबई पुलिस आयुक्त श्री पांडे से मिलने वाले हैं। एक सवाल के जवाब में मोहित ने कहा कि भाजपा नेताओं को पांडेय जी से डरने की जरूरत नहीं है। मैं समझता हूं कि पांडेय जी किसी की सुपारी लेकर नहीं आये हैं। 
 
अब तक मिले 57 नोटिस, नोटिस जुटाने लगाया बाक्स
पिछले दिनों मुंबई मनपा ने मोहित कंबोज के घर को लेकर नोटिस जारी किया था। उसके बाद मनपा अधिकारियों ने उनके घर का सर्वे भी किया। मोहित ने बताया कि सरकार ने मुझे परेशान करने के लिए अब तक 57 नोटिस भेज चुकी है। सरकारी महकमों की सुविधा के लिए मैंने अपने घर के सामने एक बाक्स रख दिया है। जिससे मेरे खिलाफ जारी नोटिस इसमें जमा की जा सके। उन्होंने कहा कि फिल्म अभिनेत्री कंगना का घर तोड़ा मेरा भी तोड़ दो। मैं डरने वाला नहीं हूं। पर याद रखना आप भी कांच के घर मे रहते हो। 
 
 भाजपा नेता मोहित कंबोज द्वारा  मेरे ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं और मुझे विवाद में घसीटने का प्रयास किया जा रहा है। यह वास्तव में दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे मुझे अपनी राजनीतिक लड़ाई में शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं। मेरे पास  अमेरिका में कोई संपत्ति है। मैं उनसे इस आरोप को सटीक विवरण के साथ प्रमाणित करने का अनुरोध करूंगा।  - इकबाल सिंह चहल, बीएमसी आयुक्त 

Created On :   26 March 2022 8:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story