- Home
- /
- दंत महाविद्यालय की दोनों एक्स-रे...
दंत महाविद्यालय की दोनों एक्स-रे मशीन बंद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शासकीय दंत महाविद्यालय की दो एक्स-रे मशीन बंद होने से मरीजों के एक्स-रे नहीं निकल पा रहे हैं। पिछले चार दिन से यही स्थिति है। सोमवार से इन मशीनों की मरम्मत शुरू हुई है, लेकिन मशीन में सुधार नहीं हो पाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय दंत कालेज में तीन एक्स-रे मशीनें हैं। यह मशीनें पांच-छह साल पुरानी हैं। मशीनों से हर रोज औसत 100 एक्स-रे निकाले जाते हैं। एक मशीन पहले से बंद है। केवल दो मशीनों के सहारे काम चलाया जा रहा था।
चार दिन पहले यह दोनों मशीनें बंद हो गई हैं। इन मशीनों की सोमवार से मरम्मत शुरू की गई है। बताया जाता है कि दोनों मशीनों के अधिकतर पार्टस खराब हो चुके हैं। इसलिए जो पार्टस अच्छे हैं उनकी अदला-बदली कर एक मशीन को शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। यह मशीन कब तक शुरू होगी, इस बारे में कुछ कहा नहीं जा रहा। बताया गया कि दो साल पहले दो नई एक्स-रे मशीन खरीदने के लिए हाफकीन को पैसे दिए गए थे। लेकिन हाफकिन ने एक्स-रे मशीन खरीदकर नहीं भेजी।
एक मशीन पर बढ़ रहा था भार
दूसरी तरफ एक्स-रे मशीन कंपनी की तरफ से केवल 20 एक्स-रे निकालने की सलाह दी जाती है। यहां मरीजों की संख्या अधिक होने से उनका समय पर उपचार करना जरूरी हो जाता है। इसलिए रोज कम से कम 100 और अधिकतम 150 एक्स-रे निकालना मजबूरी बन गई है। ऐसे में मशीन गर्म हो जाती है। अधिक उपयोग होने से मशीन की क्षमता जल्द खत्म होती है। उनके पार्टस खराब हो जाते हैं। इस कारण बार-बार एक्स-रे मशीनें बंद पड़ जाती हैं।
Created On :   12 Jan 2022 4:05 PM IST