- Home
- /
- मुंबई में अमेरिका और इजराइल के...
मुंबई में अमेरिका और इजराइल के उत्पादों का बहिष्कार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा येरूशलम को इजराइल की राजधानी के रूप में मान्यता देने के फैसले का मुंबई में भी विरोध हो रहा है। यहां की रजा अकादमी ने अमेरिका और इजराइल के उत्पादों की बहिष्कार करने की घोषणा की है। अगले शुक्रवार को मजिस्दों में दोनों देशों के एक भी उत्पादों का इस्तेमाल न करने की अपील की जाएगी। साथ ही कॉलेजों में पोस्टर और बैनर लगा करके विद्यार्थियों के बीच उत्पादों का बहिष्कार करने को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी।
दोनों देशों के उत्पाद न खरीदने की अपील
बुधवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक और रजा अकादमी के कानूनी सलाहकार यूसुफ अब्राहनी ने यह जानकारी दी। अब्राहनी ने कहा कि मुंबई समेत महाराष्ट्र और देश के लोगों से अपील है कि दोनों देशों के उत्पाद न खरीदे। कॉलेजों में विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही होटल और रेस्टोरेंट वालों से भी अपील की जा रही है कि वे दोनों देशों के खाद्यपदार्थों को अपने यहां उपलब्ध न कराए। अब्राहनी ने कहा कि अमेरिका शीतपेय, चॉकलेट, आलीशान गाड़ियों सहित 500 उत्पादों को भारत में बेचता है। जिसका हम सभी लोग उपभोग करते हैं। हम वहां पर जा करके अमेरिका के खिलाफ लड़ाई नहीं लड़ सकते हैं पर लोगों से अपील कर सकते हैं। हम अमेरिका को आर्थिक रूप से चोट पहुंचाना चाहते हैं।
तीन दिनों तक होगा आंदोलन
अब्राहनी ने कहा कि रजा अकादमी की तरफ से मुंबई के आजाद मैदान में तीन दिनों का आंदोलन किया जाएगा। इसकी रूप रेखा तय करने के लिए 21 दिसंबर को मुंबई में विभिन्न संगठनों के 200 प्रतिनिधि शामिल होंगे। मुस्लिम धर्मगुरु भी उत्पादों को न इस्तेमाल करने की अपील करेंगे।
मोबाइल एप लॉन्च
अब्राहनी ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चुनावी वादों के अनुसार येरूशलम को इजराइल की राजधानी 6 दिसंबर को घोषित कर दिया है। लेकिन दुनिया भर के मुस्लिम देशों ने इस फैसले का विरोध किया है। संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद में इस फैसले के खिलाफ 14-1 से वोटिंग हुई। लेकिन अमेरिका ने सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव को वीटो किया। इसी बीच अब्राहनी ने एक मोबाइल एप को लॉच किया। इस एप के माध्यम से सामग्री पर स्कैन करने पर पता चल सकेगा कि उत्पाद किस देश में बना हुआ है।
Created On :   20 Dec 2017 11:44 PM IST