- Home
- /
- ब्रम्हपुरी की घायल बाघिन को नागपुर...
ब्रम्हपुरी की घायल बाघिन को नागपुर लाए

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ब्रम्हपुरी वन विभाग अंतर्गत तलोधी वनपरिक्षेत्र में पैर में चोट लगने के कारण बाघिन दो-तीन दिन से एक ही जगह पर थी। जिस कारण वह कमजोर हो गई थी। जिसके बाद उसे उपचारार्थ नागपुर के गोरेवाड़ा प्राणी संग्रहालय व बचाव केंद्र में लाया गया। तलोधी वनपरिक्षेत्र में शुक्रवार को क्षेत्रीय कर्मचारी गश्त कर रहे थे। इस दौरान बाघिन जी-1 लंगड़ रही थी। दो-तीन दिन से एक ही स्थान पर होने से वह कमजोर हो गई थी। जिसके बाद उसे वैद्यकीय उपचारार्थ पकड़ने के लिए वरिष्ठों से अनुमति मांगी गई। प्रकरण प्रधान मुख्य वनसंरक्षक (वन्यजीव) नागपुर को भेजा गया।
कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद सोमवार को उचित समय निश्चित कर तलोधी वनपरिक्षेत्र के उपक्षेत्र गोविंदपुर, नियमक्षेत्र-कच्चेपार में सुबह 11.27 बजे के दौरान चंद्रपुर आरआरटी ताड़ोबा अंधारी व्याघ्र प्रकल्प के पशुवैद्यकीय अधिकारी डॉ. रविकांत खोब्रागडे ने उक्त बाघिन को डार्ट से बेहोश कर पिंजरे में बंद किया। पिंजरे में बंद करने के बाद बाघिन को नागपुर के गोरेवाड़ा प्राणी संग्रहालय व बचाव केंद्र में उपचारार्थ लाया गया। बाघिन की उम्र 2 से 2.5 वर्ष बताई गई है।
Created On :   25 May 2021 1:53 PM IST