- Home
- /
- 10 लाख की रिश्वत मांगने वाला API 1...
10 लाख की रिश्वत मांगने वाला API 1 लाख लेते रंगे हाथों पकड़ाया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोगों से करोड़ों रूपए की ठगी कर भागे सराफा व्यवसायी से जुड़े मामले की जांच कर रहा सहायक पुलिस निरीक्षक (API) खुद घूसखोरी के आरोप में फंस गया है। API के अलावा उसके दो और साथियों को भी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 10 लाख रूपए घूस मांगने और पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपए लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। मामले में शिकायतकर्ता ने ठगी के आरोपी सराफा व्यवसायी को अपनी दुकान किराए पर दी थी। आरोपी इंस्पेक्टर शिकायतकर्ता को इस मामले में फंसाने की धमकी दे रहा था।
मामले में पकड़े गए API का नाम सुनील वाघ है वह डोंबिवली पुलिस स्टेशन में तैनात है। इसके अलावा महेश पाटील और प्रकाश दर्जा नाम के उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले के शिकायतकर्ता की डोंबिवली के मानपाडा इलाके में दुकान है। इस दुकान को 15 साल पहले अजित कोठारी नाम के सराफा व्यवसायी को किराए पर दिया था। कोठारी ने लंबे समय से लोगों को मोटा मुनाफा देने का वादा कर 15 करोड़ रुपए से ज्यादा के गहने और नकदी इकठ्ठा किए इसके बाद इसी साल ठीक दिवाली से पहले दुकान बंद कर फरार हो गया। जब कई दिनों तक दुकान नहीं खुली तो लोगों ने इसकी शिकायत डोंबिवली पुलिस स्टेशन में कराई।
छानबीन में जुटी पुलिस ने दुकान से जुड़े कागजात भी जब्त कर लिए थे। मामले की छानबीन कर रहे वाघ ने अपने साथियों के जरिए दुकान मालिक को भी मामले में आरोपी बनाने की धमकी दी। इससे बचने और दुकान के कागजात वापस करने के लिए उसने 10 लाख रुपए घूस मांगी। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी को दे दी जिसके बाद तीनों आरोपियों को जाल बिछाकर रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
Created On :   6 Dec 2018 10:09 PM IST