- Home
- /
- शादी के दिन दुल्हन हुई फरार, दुल्हा...
शादी के दिन दुल्हन हुई फरार, दुल्हा पहुंचा पुलिस थाने

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के कालाचौकी इलाके में रहने वाले श्रीकांत कांबले (30) की सोमवार को पूजा भंडारे (27) से शादी थी। रविवार रात ही उन्होंने धूमधाम से लाखों रुपए खर्च कर हल्दी समारोह किया था, लेकिन सुबह 6 बजे के करीब उनके होश उड़ गए जब ससुराल पक्ष की ओर से फोन आया कि लड़की घर से भाग गई है। होने वाली पत्नी की हरकत से आहत कांबले सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचे और लड़की के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
कांबले ने बताया कि इसी साल मई महीने में सायन में रहने वाली पूजा के साथ शादी की बातचीत तय हुई थी। जान पहचान के लोगों के जरिए दोनों संपर्क में आए थे। दोनों परिवारों ने मिलकर तीन जुलाई को शादी का फैसला किया। शादी के लिए खरीदारी हो गई। रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों को कार्ड बांट दिए गए। रविवार को हल्दी समारोह हुआ, जिसमें सभी जान पहचान वाले और रिश्तेदार जुटे।
फोन आया कि लड़की घर से भाग गई
रविवार 1.30 बजे शादी का मुहूर्त था, इसलिए सभी कार्यक्रम के बाद घर पर आराम करने चले गए। लेकिन रविवार की सुबह कांबले को फोन आया कि लड़की घर से लापता है। कांबले इसकी वजह समझ नहीं पा रहे थे। उन्होंने कहा कि वे मई महीने से लगातार लड़की से संपर्क में थे। उससे बातचीत कर रहे थे। उसने एक बार भी ऐसा नहीं महसूस होने दिया कि वह शादी से खुश नहीं है या वह किसी और से प्रेम करती है। अगर उसने जानकारी दे दी होती तो बात यहां तक नहीं पहुंचती।
लड़की ने जानबूझकर धोखा दिया
कांबले का कहना है कि मैं अब तक शादी में दो लाख रुपए से ज्यादा खर्च कर चुका हूं। रविवार को लड़की और उसके परिवार वाले हल्दी समारोह में आए थे, तब भी किसी तरह की कोई नाराजगी जाहिर नहीं की। ऐसे में ऐन शादी के दिन लड़की के भाग जाने से वे सदमे में हैं, क्योंकि लड़की ने उन्हें जानबूझकर धोखा दिया है। लड़की के परिवार वालों ने भी उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी है।
Created On :   3 July 2017 9:49 PM IST