शादी के पहले दुल्हन गायब, नहीं मिल रहा कोई सुराग, किडनैपर गिरफ्तार

bride missing before marriage from chhindwara, Kidnapper arrested
शादी के पहले दुल्हन गायब, नहीं मिल रहा कोई सुराग, किडनैपर गिरफ्तार
शादी के पहले दुल्हन गायब, नहीं मिल रहा कोई सुराग, किडनैपर गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार उस समय सकते में आ गया, जब अचानक दुल्हन गायब हो गई। पतासाजी करने पर मामला अपहरण का निकला। परिजनों ने दुल्हन के अपहरण की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने साइबर के जरिए अपहरणकर्ता को भोपाल से पकड़ तो लिया लेकिन दुल्हन का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। मामला नवेगांव थाना क्षेत्र का है।
नवेगांव टीआई एसएस राजपूत ने बताया कि 22 वर्षीय रागनी (परिवर्तित नाम) का विवाह 26 अपै्रल को बैतूल में होने वाला था। 15 अप्रैल की रात 2 बजे रागनी अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि युवती के पड़ोसी गांव के एक युवक दुर्गेश ने उसका अपहरण किया है। साइबर के जरिए पुलिस ने दुर्गेश को भोपाल में धरदबोचा। दुर्गेश से पूछताछ में नया खुलासा हुआ कि रागनी होने वाले विवाह से खुश नहीं थी। इस वजह से उसने घर से भागने में रागनी की मदद की थी। उसने 16 अप्रैल की सुबह 10 बजे भोपाल से उसे इंदौर बस में बैठा दिया था। इसके बाद वह कहां गई इसकी जानकारी उसे नहीं है। पुलिस ने दुर्गेश के खिलाफ धारा 366 के तहत मामला दर्ज किया है।
युवती इंदौर में करती है जॉब-
युवती अपने परिवार के साथ इंदौर में रहकर एक कंपनी में जॉब करती है। विवाह जुडऩे के बाद परिवार वाले उसे शादी के लिए गांव लेकर आए थे। जिस लड़के ने घर से भागने में युवती की मदद की उससे भी उसके रिश्ते की बात हुई थी। लेकिन युवती ने शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद उसका बैतूल में रिश्ता जुड़ा।
युवक ने परिजनों को दी जानकारी-
टीआई श्री राजपूत ने बताया कि दुर्गेश के साथ भागकर युवती ने इंदौर में अपने एक फ्रेंड को फोन किया था। उस युवक ने रागनी के भागने की जानकारी उसके परिवार को दी। परिजनों ने पुलिस की मदद से दुर्गेश को भोपाल से पकड़ा। युवती न तो इंदौर पहुंची और न ही अपने फ्रेंड से दोबारा संपर्क किया। दो दिन बीत गए युवती का पता नहीं चल सका।  

 

Created On :   19 April 2018 1:23 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story