- Home
- /
- कार पलटने से जीजा और साले की मौत,...
कार पलटने से जीजा और साले की मौत, युवती और बुजुर्ग ने लगाई फांसी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अस्पताल में भर्ती अपने दादा के लिए अमरावती से रक्त की बोतल लेकर जाते समय कुर्हा के पास अनियंत्रित कार पलटने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक नागपुर और दूसरा वर्धा जिले की आर्वी तहसील के नांदपुर ग्राम निवासी है।
आर्वी के अस्पताल में भर्ती हैं दादा
जानकारी के मुताबिक मृत युवकों के नाम नागपुर निवासी मिलिंद पिंपलकर (32) और नांदपुर निवासी भूषण चाफले (24) है। बताया जाता है कि भूषण के दादा आर्वी के किसी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत नाजुक है। भूषण अपने जीजा मिलिंद के साथ कार (एम.एच.-32-ए.एच.-5617) से अमरावती आया। अमरावती में रक्त की व्यवस्था होने के बाद जीजा-साले आर्वी रवाना हुए।
कार पेड़ में जा घुसी
कुर्हा के समीप कार तेज रफ्तार होने से अनियंत्रित होने के बाद पलट गई और एक पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, कार चकनाचूर हो गई। मिलिंद और भूषण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कुर्हा पुलिस घटनास्थल पहुंची। कार में फंसे दोनों मृतकों को बाहर निकाला।
ट्रक ने अखबार विक्रेता को कुचला
गणेशपेठ थानांतर्गत शुक्रवार को सरदार पटेल चौक में ट्रक ने दोपहिया वाहन पर सवार अखबार विक्रेता को कुचल दिया। उसकी मौत हो गई। आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
मौके पर ही तोड़ा दम
मृतक दीवान ले-आउट निवासी अखबार विक्रेता कमलाकर घाटोले (50) था। कमलाकर दोपहर तीन बजे के करीब दोपहिया वाहन (एम.एच.-49-एल.-8265 से कहीं जा रहा था। सरदार पटेल चौक में ट्रक (एम.एच.-31-डब्ल्यू.-7071) के चालक गोपाल मुडीकुड़ा (72), नेताजी नगर, कलमना निवासी ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर कमलाकर के वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में कमलाकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चालक गिरफ्तार
सूचना मिलते ही निरीक्षक भरत क्षीरसागर सदल-बल मौके पर पहुंचे। प्रकरण दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया।
युवती व वृद्ध ने की फांसी लगाकर आत्महत्या
युवती सहित दो लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण अज्ञात है। वाठोड़ा और अजनी थाने में आकस्मिक मृत्यु के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पवनशक्ति नगर निवासी रागिनी वासनिक (21) ने अभियांत्रिकी की शिक्षा प्राप्त की थी। कुछ माह पहले उसे टाटा कंपनी में नौकरी लगी थी। वह घर से ही काम कर रही थी। शुक्रवार को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच रागिनी ने छत में लगे लोेहे के एंगल को रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार अजनी क्षेत्र के श्रीहरि नगर निवासी िकशोर कांबले (65) ने भी शुक्रवार को सुबह छह बजे लोहे के एंगल को रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। उसकी भी मौत हो गई। जांच जारी है।
Created On :   3 April 2021 5:09 PM IST