किसानों की खड़ी फसल पर चलाया बुलडोजर

Bulldozers run on farmers standing crop in nagpur district
किसानों की खड़ी फसल पर चलाया बुलडोजर
किसानों की खड़ी फसल पर चलाया बुलडोजर

डिजिटल डेस्क,नागपुर।  जिले के पावनगांव में उस समय तनाव की स्थिति निर्माण हो गई जब किसानों के खेतों पर बुलडोजर चलाया गया। कामठी तहसील अंतर्गत पावनगांव में  अचानक पहुंचकर हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अफसर और कर्मचारियों ने खड़ी फसलों पर बुलडोजर चलाना शुरू किया, जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। भारी पुलिस बंदोबस्त और अधिकारियों के बीच-बचाव के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। दरअसल करीब 18 साल पहले पारडी-जबलपुर महामार्ग को जोड़ने के लिए पावनगांव के कुछ किसानों की भूमि अधिग्रहित की गई थी। इसके लिए किसानों को मुआवजा भी दिया गया। कार्य जारी था, ऐसे में कुछ तकनीकी कारणों से बीच में काम को रोकना पड़ा, लेकिन घटना वाले दिन जब हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अफसर और कर्मचारी पावनगांव पहुंचे और अधिग्रहित भूमि पर बुलडोजर चलाने लगे, तो गांव के सरपंच के.एल. राऊत और स्थानीय किसान वहां पहुंचकर इसका विरोध करने लगे।

इन किसानों के खेत में चला बुलडोजर
कामठी तहसील से 7 से 8 कि.मी. दूर पावनगांव में जिन किसानों के खेत पर बुलडोजर चला उनमें स्वयं सरपंच किरण राऊत, ईश्वर शंकर परवते, गोपालराव चांदेकर, अनंतलाल यादव, शीतल राजगिरहे, रमेश कड़ू और बालकृष्ण परवते हैं। किसी के खेत में गेहूं, तो किसी के खेत में फूलों की खड़ी फसल पर बुलडोजर चलाया गया। स्थिति को भांपते हुए स्थानीय प्रशासन ने पहले ही कामठी तथा कलमना से पुलिस बल बुला रखा था। नेशनल हाइवे अथारिटी और संबंधित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा पुलिस बल, इस प्रकार कुल 150 से 200 कर्मचारी, अधिकारी मौके पर तैनात थे। 

जारी रहेगी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार देर शाम जब अधिकारियों ने किसानों को विश्वास में लेकर सारी बात समझाई, तो उन्होंने अपने खेत से दावा हटा लिया था लेकिन कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई को देखते हुए  पुलिस बंदोबस्त रखा गया है।

कार्रवाई न्यायालय के आदेशानुसार
न्यायालय के आदेशानुसार कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी के आदेशों का पालन भी यहां किया जा रहा है। मामला न्यायालय में चल रहा है। न्यायालय जो आदेश देगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। 
-श्री दहीकर, अधिकारी, नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया
 

Created On :   9 March 2018 12:51 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story