- Home
- /
- निवेश के नाम पर सर्राफा व्यापारी...
निवेश के नाम पर सर्राफा व्यापारी पिता-पुत्र ने की 8.50 लाख की ठगी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सर्राफा व्यापारी पिता-पुत्र के खिलाफ तहसील थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। निवेश के नाम पर दोनों ने कई लोगों को ठग लिया। पीड़ित चार से पांच लोगों ने शिकायत की है।
कुछ दिन ब्याज दिया, फिर देना बंद कर दिया
आरोपी मुजीब खान (50) और उसका पुत्र माे. शाहरुख अंसारी (26), दोनों इतवारी मालधक्का के पास रहते हैं। पिता-पुत्र का सर्राफा का कारोबार है। इस धंधे में मुनाफा होने से दोनों ने कुछ परिचित लोगों को इसमें निवेश करने के लिए कहा था। साथ ही यह भी कहा था कि, वह मुंबई से कम दाम में उन्हें सोना दिलाएंगे। झांसे में आकर कर्नलबाग निवासी समीर अहमद वसीम अहमद खान (32) नामक व्यक्ति सहित और भी चार से पांच लोगों ने इसमें निवेश किया था। कुछ दिन तक निवेशकों को ब्याज के रूप में दस से पंद्रह हजार रुपए दिए गए, लेकिन बाद भी रुपए देना बंद कर दिए।
रकम वापस मांगी तो विवाद करने लगे
जब निवेशक अपनी रकम वापस मांगने लगे तो दोनों विवाद करने लगे। यह बात 16 फरवरी 2019 से अभी तक की है। आखिरकार ठगे जाने का एहसास होने पर निवेशक थाने पहुंचा। समीर की शिकायत पर पिता-पुत्र पर साढ़े आठ लाख रुपए ठगने का प्रकरण दर्ज िकया गया है। ठगी का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है। वरिष्ठ निरीक्षक जयेश भांड़ारकर के मार्गदर्शन में इसकी जांच-पड़ताल जारी है।
Created On :   14 July 2021 12:58 PM IST