भारतीय छात्रों को खूब भा रहा कनाडा और अमेरिका    

Canada and America are very much liked by Indian students
भारतीय छात्रों को खूब भा रहा कनाडा और अमेरिका    
30 जून तक ढाई लाख विद्यार्थी जा चुके हैं विदेश  भारतीय छात्रों को खूब भा रहा कनाडा और अमेरिका    

अजीत कुमार, नई दिल्ली । मकसद बेहतर पढ़ाई हो या फिर एक अच्छे भविष्य की तलाश, भारतीय छात्र पढ़ाई के लिए प्रति वर्ष लाखों की संख्या में सात समंदर पार जाते हैं। वैसे तो 228 देश इस समय भारतीय छात्रों का ठिकाना हैं, लेकिन कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया जैसे कुछ देश हमारे होनहारों को सबसे ज्यादा लुभा रहे हैं। 

विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने बताया कि वर्ष 2019 में 5 लाख 86 हजार भारतीय छात्रों ने उच्च शिक्षा पाने के लिए दूसरे देशों को चुना था। 2020 में कोरोना महामारी का असर दिखा और इस वर्ष दो लाख 59 हजार भारतीय छात्र ही पढ़ाई करने सात समुंदर पार जा पाए। विदेश मंत्रालय की आप्रवासन ब्यूरो के मुताबिक 2021 में यह आंकड़ा सुधरकर 4 लाख 44 हजार तक पहुंच गया जबकि इस वर्ष 30 जून तक ही विदेश जाने वाले भारतीय छात्रों की तादाद लगभग ढाई लाख हो चुकी है। 

मैसेडोनिया और मकाऊ में भी पढ़ रहे हमारे युवा 
पिछले तीन वर्षों का आंकड़ा देखें तो भारतीय छात्रों की पहली पसंद अमेरिका और कनाडा हैं। इसके बाद ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया, यूक्रेन और न्यूजीलैंड जैसे देश उन्हें ज्यादा लुभा रहे हैं। विशेष बात यह कि भारतीय छात्र पढ़ने के लिए पाकिस्तान, श्रीलंका जैसे देश ही नहीं, बल्कि सूडान, ट्यूनीशिया, मैसेडोनिया, मकाऊ जैसे पिछड़े व छोटे देशों में भी पहुंच रहे हैं।  अब बदल रहे भारतीय छात्रों के ठिकाने हालांकि पिछले कुछ सालों में दूसरे देशों में जाने वाले छात्रों के आय वर्ग और ठिकाने   में बदलाव देखने को मिला है। पहले अमीर परिवारों के बच्चे ही पढ़ने के लिए विदेश जा पाते थे और वे अमेरिका, ब्रिटेन जैसे देशों के नामी विश्वविद्यालयों से डिग्री लेकर लौटते थे। लेकिन अब कनाडा, आस्ट्रेलिया, यूएई और यूक्रेन जैसे देश भारतीय छात्रों के नए ठिकाने बन रहे हैं। अब सिर्फ अमीर परिवार के बच्चे ही नहीं, बल्कि मध्यमवर्गीय परिवार के बच्चे भी बड़ी संख्या में शिक्षा पाने सात समंदर पार का रूख कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी बताते हैं कि कुछ युवा एक बेहतर जिंदगी की तलाश में तो कुछ स्थायी रूप से बसने के मकसद से विदेश पढ़ने जाते हैं।  

शिक्षा पाने विदेश गए भारतीय विद्यार्थी (स्त्रोत- आप्रवासन ब्यूरो)
देश      वर्ष 2019  -  2020  -  2021   -  2022 (30 जून तक)
अमेरिका – 122535  -  62415 -  125115  -  64667
कनाडा -   132620  -  43624  - 102688  -  60258
ब्रिटेन    -   36612  -   44901  - 77855  -   38695
आस्ट्रेलिया- 73808   -  33629  -   8950   -  28090
यूक्रेन   -   13911    -    6723    - 18596   -  1491
यूएई       - 9341    -    2925  -   3427   -    2305
न्यूजीलैंड – 10297   -   5321   -      64     -    297
  


   


 

Created On :   11 Aug 2022 6:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story