- Home
- /
- मामूली विवाद में मारपीट और छींटाकशी...
मामूली विवाद में मारपीट और छींटाकशी पर पुलिस तक पहुंचा मामला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सब्जी ठेला लगाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक सब्जी विक्रेता ने दूसरे सब्जी विक्रेता और उसके बेटे पर सब्बल से हमला कर उनकी हत्या का प्रयास किया। घायलों के नाम शेख रफीक (36) और उसके पिता शेख वकील (65) है। नंदनवन पुलिस ने घायल शेख रफीक शेख वकील की शिकायत पर आरोपी शेख रफीक शेख रशीद (34) के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार शेष नगर गली नं.2 निवासी शेख रफीक शेख वकील ने आरोपी शेख रफीक शेख रशीद के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। शेख रफीक ने पुलिस को बताया कि, आरोपी उनके घर के पास रहता है। शेख रफीक और आरोपी सब्जी का ठेला लगाते हैं। अपने घर से कुछ दूरी पर हाथठेला लगाकर सब्जी बेचते हैं। घटना वाले दिन शेख रफीक और आरोपी शेख रफीक के बीच ठेला लगाने की बात को लेकर विवाद हुआ।
आरोपी गिरफ्तार
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने शेख वकील और उनके बेटे शेख रफीक पर सब्बल से हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। घटना के बाद कुछ देर के लिए परिसर में माहौल गर्माया गया था। नंदनवन थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक देवकर ने आरोपी शेख रफीक शेख रशीद पर धारा 307, 324, 504 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
श्वान घुमा रही युवती पर छींटाकशी , तीन पर मामला दर्ज
डिजिटल डेस्क, नागपुर। घर के पास श्वान घुमा रही युवती को देखकर छींटाकशी करने वाले 3 युवकों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना 27 फरवरी को रात करीब 10.30 बजे की है। आरोपियों के नाम यश यादव, संतोष यादव और दीपक यादव है।
माता-पिता से भी की मारपीट
पुलिस के अनुसार एक 18 वर्षीय युवती घर के पास श्वान घुमा रही थी। इस दौरान रात में घूमने निकले यश यादव, संतोष यादव और दीपक यादव युवती पर छींटाकशी करने लगे। युवती ने उन्हें टोका तो वह गाली-गलौज करने लगे। युवती ने मां को आवाज लगाई। उसकी मां ने तीनों आरोपियों को फटकारा तो उन्होंने युवती की मां के साथ मारपीट की। शोर सुनकर पीड़िता के पिता और बहन भी बाहर आ गए। आरोपियों ने पीड़िता के पिता से भी मारपीट की और उसकी बहन से असभ्य तरीके से बात की। युवती की शिकायत पर तीनों आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आयुक्त से की शिकायत तब हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि, पीड़ित युवती ने जब कोतवाली थाने पहुंची तो पुलिस ने उसकी बातें सुनने के बाद ‘एनसी’ दे दिया। इस दौरान पुलिस ने तीनों युवकों को फटकार लगाई। अंत में युवती ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर युवती ने पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के कार्यालय में पहुंची। पश्चात आरोपियों के खिलाफ आगे कार्रवाई शुरू की गई है।
Created On :   5 March 2021 3:32 PM IST