- Home
- /
- फार्म सिटी के नाम पर लोगों को 3...
फार्म सिटी के नाम पर लोगों को 3 करोड़ का चूना लगाने वाले 2 बिल्डरों पर मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क,नागपुर। कागजों पर फार्म सिटी बना कर 20 निवेशकों को 3 करोड़ रुपए का चूना लगाया गया है। दो आरोपी बिल्डरों के खिलाफ धंतोली थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामला करोड़ों रुपए की लेन-देन से जुड़ा होने के कारण इसकी जांच अपराध शाखा के आर्थिक विभाग को सौंपी जा सकती है।
लुभावने सपने दिखाए : लक्ष्मी नगर स्थित वृंदावन अपार्टमेंट निवासी आरोपी बिल्डर गिरीश मोतीलाल जैस्वाल और अजय कृष्णमोहन जैस्वाल हैं। वर्धा रोड पर साई मंदिर के पास लक्ष्मीसदा अपार्टमेंट में अष्टविनायक प्लैनर्स एंड डेवलपर्स नाम से उनका कार्यालय है। अपनी फर्म के नाम से आरोपियों ने गौसी मानापुर में फार्म सिटी के नाम से निर्माण कार्य करने का झांसा देकर लोगों को निवेश के लिए
आकर्षित किया, जिसमें आसान किस्तों में 24 से 36 महीने के भीतर डुप्लेक्स, फार्म हाउस और फ्लैट का निर्माण कार्य पूरा कर कब्जा देने के वादे किए गए थे। झांसे में आने से 20 लोगों ने फार्म सिटी में निवेश किया और किसी ने फ्लैट, डुप्लेक्स तो किसी ने फार्म हाउस बुक किया। इस तरह आरोपी बिल्डरों को 3 करोड़ 27 हजार 697 रुपए इकट्ठा कर लिए। यह बात 25 अक्टूबर 2013 की है।
बिल्डरों ने निवेशकों से रकम लेने के बाद भी फार्म सिटी कागजों से जमीन पर नहीं उतारी। नाममात्र का निर्माण कार्य हुआ है। इससे परेशान निवेशकाें ने बिल्डरों से जब अपनी रकम वापस मांगी, तो टालमटोल किया जाने लगा। पीड़ितों और बिल्डरों के बीच कई बार विवाद भी हुए। पीड़ितों को धमकाया भी गया। अंतत: मामला थाने पहुंचा। जांच-पड़ताल के बाद बुधवार को प्रकरण दर्ज िकया गया है। अभी आरोपी बिल्डरों की िगरफ्तारी नहीं हुई है। वे फरार हो गए हैं।
Created On :   24 Jun 2021 11:07 AM IST