- Home
- /
- मछली पालन की आड़ में 1 करोड़ से...
मछली पालन की आड़ में 1 करोड़ से अधिक रुपए की ठगी करने वालों पर केस दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मछली पालन की आड़ में आधा दर्जन लोगों को 1 करोड़ से अधिक रुपए से ठगा गया है। घटित प्रकरण के उजागर होने से बर्डी थाने में दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी राजेश ताराचंद बंसोड (44) श्री ओम अपार्टमेंट, कामठी रोड और उसका प्रबंधक राजेंद्र वाघमारे (45) नागपुर निवासी है। राजेश ने फॉर्च्यून फिशरीज विजन व फॉर्च्यून एक्वा नाम से कंपनी स्थापित की थी। इसकी आड़ में उसने नवी मुंबई स्थित कोपरखैने निवासी ध्रुव रघुवंश सक्सेना (44) और अन्य पांच लोगों को मत्स्य पालन के लिए केज कल्चर में निवेश करने पर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाकर देने का वादा किया था। यह बात 10 अगस्त 2017 से अभी तक की है।
रकम वापस नहीं मिलने पर की शिकायत
झांसे में आए आधा दर्जन निवेशकों ने कुल 1 करोड़ 14 लाख 72 हजार 150 रुपए का इसमें निवेश किया। चार महीने तक निवेशकों को उनके निवेश के हिसाब से ब्याज दिया जाता रहा है, लेकिन इसके बाद उन्हें कोई रकम नहीं दी गई। जिससे निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगी। रकम नहीं मिलने से निवेशकों ने थाने में इसकी शिकायत की। जांच पड़ताल के दौरान पता चला है कि आरोपियों ने निवेशकों से रकम स्वीकार करने की आरबीआई (भारतीय रिजर्व बैंक) की कोई अनुमति नहीं ली थी। इसके बावजूद निवेशकों से रकम ली गई है। धोखाधड़ी की पुष्टि होने से गुरुवार को राजेश और उसका प्रबंधक राजेंद्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, जांच जारी है।
Created On :   24 July 2021 2:44 PM IST