अमरावती में दोनों समुदाय के 14,673 लोगों पर मामले दर्ज

Cases registered against 14,673 people of both the communities in Amravati
अमरावती में दोनों समुदाय के 14,673 लोगों पर मामले दर्ज
हिंसा अमरावती में दोनों समुदाय के 14,673 लोगों पर मामले दर्ज

डिजिटल डेस्क, अमरावती । शहर में विगत शुक्रवार व शनिवार को हुई हिंसा को लेकर पुलिस आयुक्त डाॅ. आरती सिंह के निर्देश पर दोनों समुदाय के कुल 14673 लोगों पर 26 मामले दर्ज किए गए है। इनमें से अब तक 62 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य लोगों की गिरफ्तार की प्रक्रिया जारी है। यह जानकारी पुलिस आयुक्त डा. आरती सिंह ने दी है।  शुक्रवार 12 नवंबर को रजा अकादमी इस्लामिक संगठन ने त्रिपुरा में अल्पसंख्यकों पर हुए हमले के विरोध में राज्य स्तरीय बंद का आह्वान किया था। इस निमित्त जिलाधीश कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन व ज्ञापन देने के लिए बिना अनुमति मोर्चा निकाला था। जिलाधीश को ज्ञापन देने के बाद वापस लौटते समय मोर्च में शामिल कुछ लोगों ने अमरावती बाजारपेठ के व्यापारी प्रतिष्ठानों पर पथराव किया। जिससे व्यवसायियों में तीव्र असंतोष पैदा हो गया। पथराव व तोड़फोड़ करने से शुक्रवार को 5 लाख 15 हजार रुपए का नुकसान करने से 8 हजार 364 आरोपियांे के खिलाफ 11 मामले दर्ज किए गए। इनमंे से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है।

घटना के निषेधार्थ शनिवार 13 नवंबर को सुबह 9.30 बजे राजकमल चौक पर भाजपा व अन्य संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने दाेपहर 4 बजे तक अमरावती बंद रखने का अनुरोध करते हुए शुक्रवार की घटना का निषेध करने राजकमल चौक पर जमा होकर पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। तभी अचानक कुछ समय के बाद कार्यकर्ताओं की भीड़ अनियंत्रित व उग्र हो गई। दुकानों पर पथराव कर तोड़फोड़ की। कुछ दुकानों को और वाहनों को आग लगाकर नुकसान पहुंचाया। बेकाबू भीड़ को रोकने पुलिस अधिकारी व जवानों ने बल प्रयोग कर खदेड़ा। कुछ स्थानों पर दोनों समुदाय एक-दूसरे के सामने आने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जिसे पुलिस अधिकारी व जवानों ने नियंत्रित किया और किसी भी तरह की अप्रिय घटना घटित होने नहीं दी। शहर के विभिन्न इलाकों मंे छिटपुट घटना घटित होने पर वहां एसआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया। भीड़ की तरफ से हुए पथराव आगजनी व तोड़फोड़ में शासकीय व निजी संपत्ति के संदर्भ में 6309 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न पुलिस स्टेशन में कुल 15 मामले दर्ज किए गए है। इनमें से 53 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तार की प्रक्रिया शुरू है। साथ ही पुलिस ने शस्त्र भी जब्त किए है।

विभिन्न इलाकों में रूटमार्च जारी
शहर में कानून व व्यवस्था अबाधित रखने व नागरिकों को भयमुक्त वातावरण निर्माण करने के लिए संवेदनशील इलाकों में राज्य के अपर पुलिस महासंचालक (कानून व सुव्यवस्था) की मौजूदगी में रूटमार्च किया जा रहा है। इसमें पुलिस आयुक्त डा. आरती सिंह सहित आरसीपी, क्यूआरटी, एसआरपीएफ प्लाटून, 35 पुलिस अधिकारी व 530 जवान तथा दंगा नियंत्रण दल का वज्र व वरूण का समावेश है। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों को किसी भी अफवाह पर विश्वास न रखने का आह्वान किया है। 


एक पुलिस अधिकारी और 8 जवान घायल 
डाॅ. आरती सिंह ने बताया कि पथराव की घटना में एक पुलिस अधिकारी और 8 जवान घायल हुए है। भीड़ को नियंत्रित करने और परिस्थिित को काबू में करने के लिए अमरावती शहर में धारा 144 (1)(2)(3) लागू की गई और गलत संदेश अथवा वीडिओ वायरल न हो इसके लिए मनपा क्षेत्र की इंटरनेट सेवा तीन दिनों के लिए बंद की है। पुलिस अधिकारी व जवानों ने स्थिति को काबू कर अथक परिश्रम करते हुए बड़ी मात्रा में कोई संपत्ति की हानि व किसी भी तरह की जीवहानि नहीं होने दी। 
 

Created On :   16 Nov 2021 11:59 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story