- Home
- /
- अवैध धर्मांतरण पर सशक्त कानून बनाएं...
अवैध धर्मांतरण पर सशक्त कानून बनाएं केंद्र सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के महासचिव मिलिंद परांडे ने कहा कि केंद्र सरकार को अवैध धर्मांतरण पर सशक्त कानून बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अवैध धर्मांतरण के राष्ट्रव्यापी स्वरूप और उससे जुड़े लोगों के आतंकी संगठनों से संबंध को देखते हुए सख्त कानून की आवश्यकता है। शनिवार को मुंबई मराठी पत्रकार संघ में पत्रकारों से बाचतीत में परांडे ने कहा कि वीएचपी की तरफ से अवैध धर्मांतरण के खिलाफ देश में 20 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच धर्म रक्षा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत धर्मांतरण की साजिश को उजागर करने के लिए जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए जन जागरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजातियों के जिन व्यक्तियों ने धर्मांतरण किया है उन्हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने के लिए आवश्यक संविधान संशोधन करना चाहिए। परांडे ने कहा कि जिन राज्यों में अवैध धर्मांतरण और लव जिहाद को रोकने के लिए कानून नहीं है। ऐसे राज्यों को देश और समाज के हित को ध्यान में रखते हुए बिना विलंब कानून बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के सभी साधु-संतों और सामाजिक व धार्मिक नेतृत्व करने वाले महापुरुषों से अवैध धर्मांतरण को रोकने के लिए जागरूकता फैलानी चाहिए।
Created On :   18 Dec 2021 8:02 PM IST