- Home
- /
- नोट की जगह कागज के बंडल थमाकर हो गए...
नोट की जगह कागज के बंडल थमाकर हो गए चंपत, दो महिलाओं को बनाया बेवकूफ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के कलमना और धंतोली क्षेत्र में कुछ घंटों के अंतराल में ही ठगों ने दो महिलाओं को नोट की जगह कागज का बंडल थमाकर उनके साथ धोखाधड़ी की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, भूगांव वार्ड नंबर-4 नागोबा गली नागपुर निवासी कमला साखरकर सब्जी बेचकर 9 दिसंबर को पैदल घर जा रही थी। दोपहर करीब 3 बजे उन्हें एक व्यक्ति रास्ते में मिला। वह कमला से बुटीबोरी जाने का पता पूछने लगा। इस बीच दूसरा आरोपी आया। उसने पहले आरोपी से कहा कि बुटीबोरी पास में है, ऑटो करके चले जाओ। कमला को दिखाने व उनका भरोसा हासिल करने के लिए दूसरे आरोपी ने पहले आरोपी को पैसे का बंडल दिया।
पहले आरोपी ने दूसरे आरोपी को नकली नोटों का बंडल दिया। दूसरे आरोपी ने कमला की थैली में नोटों का बंडल रखा और उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर गोमती होटल के पास लेकर आया। वहां के लॉन के पास आने पर आरोपी नंबर 2 ने कमला से कहा कि उसके पास 5 लाख रुपए हैं। उसने नोटों के बंडल से 30 हजार रुपए निकालने के लिए कमला से कहते हुए उनसे मीठी- मीठी बातें करने लगा। कमला उसके बहकावे में आ गई। उसने कमला से 16 हजार रुपए के सोने के गहने व नकदी 500 रुपए ले लिए। उसने कहा कि यह रकम वह उन्हें वापस करने के बाद अपने नोटों के बंडल को लेकर जाएगा। कमला से गहने और नकदी लेकर दोनों आरोपी चंपत हो गए। कुछ देर बाद कमला ने जब नोटों का बंडल थैली से बाहर निकाला तो होश उड़ गए। वह महज कागज का बंडल था, जो नोट के आकार के थे। उन्होंने कलमना थाने में शिकायत की। पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज किया।
लूटपाट का डर दिखा बनाया बेवकूफ
दूसरी घटना धंतोली क्षेत्र में 7 दिसंबर को हुई। जाटतरोड़ी क्र.-2, इमामवाड़ा त्रिशण मैदान नागपुर निवासी रत्नमाला दिगांबर हुमणे अपने घर जा रही थीं। इस दौरान करीब 25 वर्ष के दो अज्ञात आरोपी उनके पास रुके। दोनों ने उनसे कहा कि सामने लूटपाट हो रही है। आरोपियों ने उनकी सोने की चेन लेकर उसे लाल सफेद रंग के रूमाल में लपेट दिया। उस रूमाल में पहले से ही नोटों के बंडल के आकार का कुछ बंधा था। आरोपियों ने उनकी सोने की चेन को उस रूमाल में लपेटकर उनके बैग में डाल दिया और चले गए। दरअसल आरोपियों ने बैग में डालते समय सोने की चेन बड़ी सफाई से निकाल ली थी। सिर्फ रूमाल ही डाला था।
कुछ दूर जाने के बाद जब रत्नमाला ने बैग खोलकर देखा तो उनकी सोने की चेन नहीं थी, कागज के बंडल नोटनुमा नजर आए। सोने की चेन की कीमत करीब 13,695 रुपए बताई गई है। तब रत्नमाला हुमणे ने धंतोली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।
Created On :   11 Dec 2020 1:59 PM IST