- Home
- /
- कांग्रेस के असंतुष्ट गुट की हुई...
कांग्रेस के असंतुष्ट गुट की हुई बैठक, चव्हाण बोले- कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वर्धा में कांग्रेस की पदयात्रा व सभा में शामिल होने के लिए जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जाएंगे। हालांकि गुटबाजी कायम है, लेकिन सबने अलग-अलग ही सही वर्धा जाकर रैली व सभा में शामिल होने का निर्णय लिया है। लिहाजा शनिवार को असंतुष्ट गुट के पदाधिकारियों व नेताओं की बैठक मनपा में नेता प्रतिपक्ष तानाजी वनवे के कार्यालय में हुई। शनिवार को ही देवडिया भवन में शहर कांग्रेस की बैठक हुई। शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे ने सभी को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटाने को कहा। रविवार को सुबह प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण शहर व जिले के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। वर्धा जाने की व्यवस्था के नियोजन पर भी चर्चा होगी।
गौरतलब है कि एक शुक्रवार को शहर कांग्रेस की बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री िवलास मुत्तेमवार व अन्य पदाधिकारी शामिल थे, लेकिन असंतुष्ट गुट का कोई भी नेता या पदाधिकारी देवडिया में नहीं पहुंचा। मनपा में नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष नितीन राऊत, पूर्व मंत्री अनीस अहमद, पूर्व सांसद गेव आवारी, पूर्व विधायक अशोक धवड, पूर्व विधायक यादवराव देवगडे, प्रफुल गुडधे, नितीन कुंभलकर, प्रज्ञा बडवाईक, यशवंत कुंभलकर, विजय बाभरे, सुभाष भोयर, मनोज साबले समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
सभी ने विधानसभा क्षेत्र स्तर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को वर्धा ले जाने की तैयारी पर जोर दिया। गौरतलब है कि 2 अक्टूबर को बैठक व सभा के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह विमान से आने वाले हैं। वे तीनों हेलीकाप्टर से वर्धा जाएंगे। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के चलते सभी प्रमुख नेता सेवाग्राम में रहेंगे। वरिष्ठ नेताओं के आने से गुटबाजी का महत्व नहीं रह जाएगा। लिहाजा सभी नेता वर्धा जाने की तैयारी कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है पदयात्रा में उमड़ेगी भीड़ : चव्हाण
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण शनिवार को शहर कांग्रेस की बैठक में शामिल होने वाले थे। लेकिन सेवाग्राम व वर्धा में कार्यक्रम व्यवस्था का जायजा लेने के कारण उन्हें नागपुर के लिए रवाना होने में काफी विलंब हुआ। इस बीच फोन पर चर्चा में उन्होंने कहा है कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के लिए आवश्यक तैयारी कर ली गई है। कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। पदयात्रा में भीड़ उमड़ेगी। श्री चव्हाण ने बताया कि राहुल गांधी व सोनिया गांधी साथ में ही सेवाग्राम पहुंचेगे। वर्धा में महात्मा गांधी की प्रतिमा को अभिवादन करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में पदयात्रा निकलेगी। स्थानीय लोगों के अलावा कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
करीब डेढ़ घंटे में पूरा हो जाएगा चिंतन, भोजन, पदयात्रा पर जोर
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक व सभा के लिए वर्धा व सेवाग्राम में आवश्यक व्यवस्था कर ली गई है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पदयात्रा व सभा पर जोर देने के लिए नेताओं से कहा है। सेवाग्राम आश्रम परिसर में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, प्रार्थना व भोजन कार्यक्रम जल्द पूरा कर लिए जाएंगेे। करीब डेढ़ घंटे में सारे कार्यक्रम पूरा करके पदयात्रा का रुख किया जाएगा। शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशाेक चव्हाण ने सेवाग्राम व वर्धा में व्यवस्था का जायजा लिया। रविवार को वे नागपुर में नेताओं से चर्चा करेंगे।
रविवार से ही केंद्रीय स्तर के नेताओं का आना आरंभ हो जाएगा। कांग्रेस सेवादल सहित अन्य संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों का आगमन हो गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में 70 लोग शामिल रहेंगे। समिति बैठक के लिए सेवाग्राम आश्रम परिसर में महादेव भवन तय किया गया है। महादेव भवन की ऐतिहासिक विशेषता है। महात्मा गांधी के सहयोगी महादेव देसाई की स्मृति में यह भवन बनाया गया है। कांग्रेस के एक नेता के अनुसार महादेव भवन को उनका संगठन राजनीतिक ऊर्जा का बड़ा स्त्रोत मानता है।
भारत छोड़ों आंदोलन का प्रस्ताव इसी भवन में तैयार हुआ था। तब भी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई थी। बाद में महात्मा गांधी ने 2 फरवरी 1948 को इसी भवन में विशेष बैठक के लिए कांग्रेस नेताओं से कहा था। लेकिन 2 दिन पहले ही गांधी की हत्या कर दी गई। लिहाजा मार्च 1948 में विनोबा भावे ने सर्व सेवा संघ की स्थापना की। सर्व सेवा संघ की स्थापना भी महादेव भवन में ही हुई थी। महात्मा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस व देश को दिशा देने के संकल्प के साथ 6 दिन तक कांग्रेस कार्य समिति की बैठक महादेव भवन में ही हुई थी। उसमें पंडित जवाहर लाल नेहरू, राजेंद्र प्रसाद सहित कांग्रेस के तत्कालीन सभी प्रमुख नेता शामिल हुए थे। महात्मा गांधी व डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की दो बार मुलाकात बैठक भी महादेव भवन में ही हुई थी।
Created On :   30 Sept 2018 6:23 PM IST