- Home
- /
- क्रेडिट कार्ड के नवीनीकरण के बहाने...
क्रेडिट कार्ड के नवीनीकरण के बहाने ढाई लाख की ठगी

डिजिटल डेस्क,अमरावती। शहर समेत जिले में ऑनलाइन ठगी का सिलसिला निरंतर बना हुआ है। ऐसे ही शहर के एक व्यवसायी को क्रेडिट कार्ड रिनीव कराने का झांसा देते हुए दंपति के खाते से 2 लाख 58 हजार रुपए निकाल धोखाधड़ी की गई है। इसकी शिकायत साइबर सेल में व्यापारी ने की है। जानकारी के मुताबिक अंबागेट निवासी शैलेश चंद्रकांत शिंगारे को मंगलवार की दोपहर एक अनजान नंबर से फोन आया और कहा गया कि वह एसबीआई क्रेडिट कार्ड से बोल रहे हंै। क्रेडिट कार्ड रिनीव करने के लिए कहा गया। इसके बाद शैलेश शिंगारे ने आरोपी के बताए प्रक्रियानुसार मोबाइल में एक एप डाउनलोड किया। इसमें खुदकी और पत्नी की बैंक खाते से जुड़ी जानकारी दी। कुछ समय बाद उनके फाेन पर एक मैसेज आया। तब शिंगारे को पता चला कि उनके और पत्नी के खाते से 2 लाख 58 हजार रुपए निकाल धोखाधड़ी की गई है। शिंगारे ने साइबर सेल में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Created On :   4 Aug 2022 2:17 PM IST