- Home
- /
- कलमना मार्केट में आग से करोड़ों की...
कलमना मार्केट में आग से करोड़ों की मिर्ची हुई खाक

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कलमना मार्केट यार्ड स्थित मिर्च बाजार के ऑक्शन हॉल में आग लग गई, जिसमें करोड़ों की मिर्च जलकर खाक हो गई। बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट के कारण उड़ी चिंगारी से मिर्च के बाेरे ने आग पकड़ ली। मार्केट में आग बुझाने की व्यवस्था न होने के कारण समय रहते हादसे पर काबू नहीं पाया जा सका और करीब 4-5 हजार बोरियां खाक हो गईं। लगभग 14-15 हजार वर्गफीट में माल पसरा हुआ था।
आग फैलती रही
अग्निशमन नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात 2 बजकर 18 मिनट पर मार्केट से फोन अाया, जिसके बाद अग्निशमन वाहन रवाना किए गए। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शहर के अलग-अलग फायर स्टेशन्स की 8 गाड़ियां माैके पर पहुंचीं थीं। व्यापारियों का आरोप है कि मार्केट में केवल एक सिक्योरिटी गार्ड है। आग लगने पर वह अपने अन्य साथियों को बुलाने चला गया। इस बीच आग और फैल गई। आग फैलने का बड़ा कारण यह भी है कि ऑक्शन हॉल में आग बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्र नहीं है। कोई अन्य वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है।
...तो और होता नुकसान
फिलहाल बाजार में मिर्च की आवक बहुत कम है। सीजन न होने के कारण मंडी में कोल्ड स्टोरेज का माल आ रहा है। यही कारण है कि ग्राहकी भी कम है। यदि यह घटना कुछ दिन बाद होती तो व्यापारियों और किसानों को भारी नुकसान वहन करना पड़ता।
अन्य मंडियों के भी यही हाल
कलमना मार्केट यार्ड में मिर्च के साथ ही अन्य मंडियों में भी यही हाल है। इन दिनों धान्य बाजार में धान की आवक शुरू है। ऑक्शन हॉल और उसके सामने धान के ढेर लगे हुए हैं। इन ढेरों के पास बैठकर मार्केट के सिक्योरिटी गार्ड अलाव जलाकर बैठते हैं। इस प्रकार की लापरवाही व्यापारियों और किसानों पर कभी भी भारी पड़ सकती है।
जर्जर हो चुकी है इमारत
आग लगने के बाद ऑक्शन हॉल की छत गिर चुकी है। उसी प्रकार इमारत भी जर्जर हो चुकी है। बताया जा रहा है कि ऑक्शन हॉल में रखे दो सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गए। उनका काेई अता-पता नहीं चला है।
व्यापारियों ने की नारेबाजी : कलमना मार्केट यार्ड में आग लगने के बाद नाराज व्यापारियों ने एपीएमसी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पदाधिकारियों को घेरकर व्यापारियों ने मुआवजे की मांग की। व्यापारियों का आरोप है कि एक तो प्रशासन की ओर से बाजार में कोई सुविधा नहीं दी जाती है। उस पर भी ऐसी घटना घटने पर जब फोन किया जाता है तो अधिकारी, पदाधिकारी फोन तक नहीं उठाते। इस दौरान कुछ देर के लिए आक्रोशित व्यापारियों ने मुख्य प्रवेश द्वार को बंद कर दिया था।
किसानों को देंगे नुकसान भरपाई
मिर्च बाजार में हुई आगजनी की घटना दु:खद है। आग लगने के बाद मार्केट से फोन आया था, लेकिन उसी समय यहां आना संभव नहीं था। सुबह 6.30 बजे के करीब मैं मार्केट पहुंचा। जांच के बाद आग लगने का कारण ज्ञात होगा। इस आगजनी में किसानों को हुए नुकसान की भरपाई दी जाएगी। - अहमद शेख, सभापति, कृषि उत्पन्न बाजार समिति, नागपुर
Created On :   24 Nov 2022 9:57 AM IST