चित्रा बाघ बनी प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष

Chitra Bagh became the President of State BJP Mahila Morcha
चित्रा बाघ बनी प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष
2019 में राकांपा छोड़ बनी थी भाजपाई  चित्रा बाघ बनी प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष

डिजिटल डेस्क , मुंबई। भाजपा की महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर चित्रा वाघ की नियुक्ति की गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने यह घोषणा की। चित्रा अभी तक प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत थीं। भाजपा महिला मोर्चा की वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष उमा खापरे बीते जून महीने में विधान परिषद के लिए निर्वाचित हुई थीं। इसके मद्देनजर भाजपा ने महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति की है। चित्रा साल 2019 में विधानसभा चुनाव के पहले राकांपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं।  भाजपा में प्रवेश के बाद चित्रा का नाम विधान परिषद की उम्मीदवारी के लिए कई बार आया था। लेकिन पार्टी ने उन्हें अब नई जिम्मेदारी सौंपी है।

मीडिया से बातचीत में बावनकुले ने कहा कि प्रदेश भाजपा की महिला मोर्चा में केवल महासचिवों को बदला जाएगा। बाकी पदों पर महिला मोर्चा की पुरानी कार्यकारिणी की सदस्य कायम रहेंगी। वहीं भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद चित्रा ने कहा कि मैं 7 नवंबर को बुलढाणा के सिंदखेड राजा से दौरा शुरू करूंगी। पहले चरण में अमरावती विभाग के पांच जिलों में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई जाएगी। चित्रा ने कहा कि पार्टी में एक अनुशासन है। मैं इस अनुशासन का बीते तीन सालों में अनुभव कर रही हूं। मैं महिला मोर्चा की अध्यक्ष बन गई हूं। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं पार्टी की दूसरी महिला नेताओं से अधिक क्षमतावान हूं। महिला मोर्चा में मुझसे अधिक क्षमता वाली महिलाएं हैं। सभी इस पद के लिए काबिल थीं। मगर पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर भरोसा जताया है। मुझे उम्मीद है कि पार्टी के काम के लिए सभी लोगों का सहयोग मिलेगा। 

Created On :   3 Nov 2022 7:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story