- Home
- /
- मप्र के सबसे बड़े चर्च में 25 फीट...
मप्र के सबसे बड़े चर्च में 25 फीट का क्रिसमस स्टार, 150 किलो है वजन

- क्रिसमस को लेकर भोपाल में विशेष तैयारी
- दुनियाभर में धूमधाम से मनाया जाएगा क्रिसमस
- सेंट थॉमस ऑर्थोडॉक्स कैथेड्रल में सजा 25 फीट का स्टार
डिजिटल डेस्क, भोपाल। क्रिसमस दुनियाभर में सबसे ज्यादा मनाए जाने वाले त्यौहारों में से एक है। क्रिसमस हर सार 25 दिसंबर को मनाया जाता है जिसका जश्न नए साल तक जारी रहता है। इस साल भी क्रिसमस का त्यौहार शुरु हो चुका है। देश-दुनिया के चर्चों में प्रभु यीशु के जन्मदिन की तैयारियां जोरों पर हैं। चर्चों को साल के इस सबसे बड़े त्यौहार के लिए विशेष तौर पर सजाया जा रहा है, वहीं घरों में कैरोल गाने के साथ-साथ कई तरह के पकवान भी क्रिसमस सेलीब्रेशन के लिए बनाए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सबसे बड़े चर्च सेंट थॉमस ऑर्थोडॉक्स कैथेड्रल में भी क्रिसमस को लेकर विशेष तैयारीयां की गई हैं। चर्च की यूथ लीग ने क्रिसमस के लिए खास तौर पर 25 फीट का स्टार तैयार किया है।

चर्च के फादर डॉ बीजू जार्ज और फादर जोबिन पी अब्राहम ने बताया कि क्रिसमस का त्यौहार चर्च में 23 दिसंबर से मनाया जाएगा, इस दिन चर्च की ओर से बच्चों के लिए खास प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। वहीं 24 दिसंबर को चर्च में पारंपरिक प्रेयर का आयोजन होगा, इस दौरान प्रभु यीशु से देश-दुनिया के सभी लोगों की खुशहाली, सुख और शांती के लिए प्रार्थना की जाएगी। 25 दिसंबर यानी की क्रिसमस के दिन चर्च में विशेष प्रेयर के बाद प्रसाद स्वरूप केक और नेर्चा वितरित किया जाएगा। क्रिसमस के अवसर पर चर्च की ओर से प्रभु यीशु के दिखाए मार्ग पर चलने का संदेश भी दिया जाएगा।

क्रिसमस में क्रिसमस क्रिब का विशेष महत्व होता है। घरों और चर्च में प्रभु यीशु के जन्म स्थान के प्रतीक के रूप में क्रिसमस क्रिब यानी गौशाला सजाई जाती है। क्रिब में प्रभु यीशु और उनकी मां मरियम की झांकी बनाई जाती है। इसी तरह क्रिसमस ट्री को भी काफी अहम माना जाता है, क्रिसमस के त्यौहार पर घरों घर क्रिसमस ट्री को सजाया जाता है। बाजार में ओरिजिनल से लेकर आर्टीफिशियल क्रिसमस ट्री तक उपलब्ध हैं। क्रिसमस का त्यौहार सभी धर्म के लोग धूम-धाम से साथ मिलकर मनाते हैं।

मध्य प्रदेश के सबसे बड़े चर्च सेंट थॉमस ऑर्थोडॉक्स कैथड्रल भोपाल की यूथ लीग ने 25 फीट उंचा और लगभग 1.5 क्विंटल वजनी क्रिसमस स्टार तैयार किया है। इस स्टार को विशेष तौर पर क्रिसमस की शुभकानाएं देने के लिए तैयार किया गया है।
Created On :   22 Dec 2018 1:30 PM IST