- Home
- /
- PNB स्कैम : शिवसेना और भाजपा के...
PNB स्कैम : शिवसेना और भाजपा के बीच जारी है जुबानी जंग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को करोड़ों रुपए का चूना लगाने वाले हीरा कारोबारी नीरव मोदी को लेकर शिवसेना और भाजपा के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। शनिवार को शिवसेना सांसद संजय राऊत ने नीरव मोदी के बहाने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राऊत ने कहा कि देश और महाराष्ट्र के बैंकों को लूटने वाले नीरव मोदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दावोस में थे। ऐसे लोग ही सत्ताधारी दल भाजपा को चुनावी खर्च के लिए सबसे अधिक पैसे इकट्ठा करके देते हैं। अन्य कामों के लिए आर्थिक मदद करते हैं। राऊत ने कहा कि बैंकों को लूटने वाले लूटरों को सरकार का आशीर्वाद है। इस कारण ही ये लोग सत्ताधारी दल और सरकार को मदद करते हैं। नीरव मोदी बैंक को लूट करके विदेश भाग गया। सरकार उसे पकड़ नहीं पाई। राऊत ने कहा कि किसी अनियमितता में हमेशा केवल टैक्स भरने वाले सामान्य लोग और राजनेता पकड़े जाते हैं। लेकिन नौकरशाह और कारोबारी हमेशा देश से भागने में कामयाब हो जाते हैं। विजय माल्या समेत कई कारोबारी विदेश में चले गए हैं।
चल रहा आरोप-प्रत्यारोप
इससे पहले राऊत ने ट्वीट करके नीरव मोदी के सरनेम के बहाने प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष किया था। इसके जबाव में मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने राऊत पर पलटवार किया। शेलार ने कहा कि सूर्य पर थूकने का प्रयास करने वाले को याद रखना चाहिए कि वह थूक उनके मुंह पर ही आकर गिरेगा।
नीरव मोदी को रिजर्व बैंक का गवर्नर बनाओ
दूसरी तरफ शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र सामना के जरिए भी केंद्र सरकार पर तंज कसा है। पार्टी ने कहा कि देश को लूटने की कथा को जब रघुराम राजन ने सामने लाई तो उन्हें रिजर्व बैंक के गवर्नर पद से हटा दिया गया। लेकिन अब रिजर्व बैंक के गवर्नर पद नीरव मोदी को बिठाना चाहिए। ताकि देश की अंतिम व्यवस्था की जा सके।
Created On :   17 Feb 2018 6:27 PM IST