- Home
- /
- महिला महापौर को जान से मारने की...
महिला महापौर को जान से मारने की धमकी, पूर्व जिलाध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज

डिजिटल डेस्क,सतना। महापौर ममता पांडेय से सरेआम गाली गलौज करते हुए झूमाझटकी करने और चुनाव बाद उन्हें जान से खत्म कर देने की धमकी के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने भाजपा के महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष नीता सोनी के खिलाफ आईपीसी के सेक्सन 294, 323 और 506 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरु कर दी गई है।
मरोड़ दी कलाई, दाएं हाथ में फ्रैक्चर
महापौर ममता पांडेय ने सिविल लाइन पुलिस को बताया कि 24 अप्रैल को दोपहर तकरीबन 3 बजे होटल भरहुत में उस वक्त विवादास्पद स्थिति बनी जब वो विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मिलने के बाद बाहर निकल रही थीं, इसी बीच मौके पर मौजूद भाजपा की महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष नीता सोनी ने उनका रास्ता रोका और ये कह कर गाली गलौच शुरु कर दिया कि तुम्हारी वजह से हम सुषमा स्वराज से नहीं मिल पाए। तुम बहुत बड़ी नेता बनती हो। चुनाव बाद तुम्हे जान से खत्म कर देंगे। मेयर के मुताबिक नीता ने उन पर कांग्रेस का चुनाव प्रचार करने के आरोप लगाए और प्रतिकार करने पर झूमा झटकी करते हुए हाथ पकड़ कर कलाई मरोड़ दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव किया। महापौर के दाएं हाथ में फ्रैक्चर आने पर प्लास्टर बांधा गया है।
ऐसा पहली बार नहीं
महापौर ममता पांडेय के साथ झूमाझटकी और बदसलूकी की इस घटना से पहले नीता सोनी के खिलाफ पार्टी की नगर मंडल की मंत्री ऊषा द्विवेदी ने भी ऐसी ही शिकायत की थी। दोनों ओर से मामला पुलिस के पास पहुंचने के बाद भाजपा के शीर्ष संगठन ने नीता सोनी को महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद समेत समस्त पदों से मुक्त कर दिया था।
इनका कहना है
हमें नीता सोनी से ऐसे व्यवहार की उम्मीद नहीं थी। इस घटना से हमारे आत्म सम्मान को ठेस लगी है। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हमने एसपी से सुरक्षा की मांग की है।
ममता पांडेय, महापौर
आरोप मनगढ़त हैं। राजनैतिक षडयंत्र है। हमने भरहुत होटल के सीसीटीवी फुटेज देख कर निष्पक्ष जांच की मांग की है,अगर हम दोषी हैं तो हर सजा भुगतने को तैयार हैं।
नीता सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा (भाजपा)
Created On :   26 April 2019 1:21 PM IST