- Home
- /
- मराठा समाज के आरक्षण पर सरकार...
मराठा समाज के आरक्षण पर सरकार उठाएगी कदम- CM फडणवीस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में मराठा समाज के युवाओं में बेचैनी है। इस कारण मराठा समाज की तरफ से राज्य भर में अभूतपूर्व मोर्चा निकाला गया। इस मोर्चे के जरिए मराठा समाज का विराट रूप देखने को मिला। इसको देखकर राज्य सरकार नतमस्तक हुई है । इसके कारण ही सरकार ने समाज के लिए विभिन्न फैसले लिए। एलफिन्स्टन के कामगार मैदान में मराठा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने यह बात कही।
सरकार के लिए महत्वपूर्ण है आरक्षण का मुद्दा
मुख्यमंत्री ने कहा-प्रदेश सरकार के लिए मराठा आरक्षण का मुद्दा महत्वपूर्ण है। मराठा समाज के आरक्षण के लिए सरकार ने कदम उठाए हैं। आरक्षण के लिए अदालत में भी सरकार मजबूती से पक्ष रखेगी। इस बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की तरफ से मराठा समाज के विद्यार्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति से उच्च शिक्षा के द्वार खुले हैं। लाखों युवा इसका फायदा ले रहे हैं। अण्णासाहब पाटील महामंडल के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए चार योजनाएं शुरू की गई हैं। इसका लाभ भी उन्होंने युवाओं से लेने का आह्वान किया।
विभिन्न मांगों को लेकर मराठा समाज ने निकाला था मोर्चा
उल्लेखनीय है कि बीते साल अगस्त में मराठा समाज ने पूरे विदर्भ में विशाल मूक मोर्चा निकाला था। औरंगाबाद में 9 अगस्त से आरक्षण सहित अपनी मांगों को लेकर शुरू हुआ मराठा मूक मार्च एक दर्जन से ज्यादा ज़िलों से होते हुए ठाणे पहुंचा था। मोर्चे में सभी दलों के नेता शामिल हुए थे। बच्चे तथा बुजुर्गों ने मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी की वेशभूषा धारण कर रखा था, महिलाओं की भी इसमें सहभागिता रही थी। मराठा मोर्चे की मांग को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है और अब केन्द्र सरकार के समक्ष मांगों पर विचार करने की सिफारिश करेगी। मुख्यमंत्री के इस वक्तव्य से मराठा समाज के युवाओं को आशा की नई किरण दिखाई दे रही है।
Created On :   12 Feb 2018 2:47 PM IST