- Home
- /
- समाचार पत्रों की विश्वसनीयता कायम :...
समाचार पत्रों की विश्वसनीयता कायम : सीएम फडणवीस

डिजिटल डेस्क, मुंबई । सोशल मीडिया के इस दौर में समाचार पत्रों के लिए अच्छी बात यह है कि अखबारों की विश्वसनीयता आज भी कायम है। जनमत तैयार करने का काम आज भी अखबार ही कर रहे हैं। अखबारों में छपने वाले संपादकीय का समाज पर गहरा असर होता है। समाचार पत्र लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। इस लिए सरकार लोकतंत्र की मजबूती के लिए चौथे स्तंभ के साथ खड़ी रहेगी। यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कही। मुख्यमंत्री सरकारी अतिथि गृह सह्याद्रि में विदर्भ डेली न्यूज़ पेपर असोसिएशन, महाराष्ट्र दैनिक समाचार पत्र संगठन व इलना की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया में अभियक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग भी हो रहा है, लेकिन प्रिंट मीडिया ने अपने मूल्यों को बचाये रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया से हमारी यहीं अपेक्षा है कि सरकार से कोई गलती हो तो जरूर आलोचना करें पर कुछ अच्छा करने पर उसकी तारीफ भी करनी चाहिए। इंडियन एक्सप्रेस समूह के अध्यक्ष विवेक गोयनका ने कहा कि इंडियन एक्सप्रेस समूह का कामकाज संभालने के बाद गत 30 वर्षों के दौरान पहली बार मैंने किसी मुख्यमंत्री की तारीफ में कुछ बोला है। मुख्यमंत्री की निर्णय क्षमता वास्तव में सराहनीय है।
विदर्भ न्यूज पेपर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कृष्ण चांडक ने कहा कि आज समाचार पत्र चलाना बेहद मुश्किल कार्य बन गया है। कार्यक्रम के संयोजक लोकमत संपादकीय मंडल के अध्यक्ष विजय दर्डा मुख्यमंत्री के कार्य प्रणाली की तारीफ करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं। महाराष्ट्र दैनिक समाचार पत्र संगठन के अध्यक्ष प्रताप सिंह जाधव ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस के कार्य करने की शैली राज्य के अन्य मुख्यमंत्री से अलग है। वे फैसले करने में अनावश्यक देरी नहीं करते। इस मौके पर इनला के उपाध्यक्ष प्रकाश पोहरे, गुजरात समाचार के बाहुबली शाह, राष्ट्रदूत के शिव अग्रवाल, महाराष्ट्र सूचना जनसम्पर्क विभाग के निदेशक ब्रजेश सिंह, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रविण परदेशी, भूषण गगराणी आदि मौजूद थे।
Created On :   16 Feb 2019 4:18 PM IST