- Home
- /
- अशोकनगर और चंदेरी को सौगात, सीएम...
अशोकनगर और चंदेरी को सौगात, सीएम शिवराज की कई घोषणाएं

डिजिटल डेस्क,भोपाल। फसल के बाजार मूल्य और समर्थन मूल्य के बीच के अंतर की राशि अब सीधे किसानों के खातों में जमा की जाएगी। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ये एलान किया है। इसके अलावा उन्होंने अशोकनगर और चंदेरी नगरपालिका को डेढ़-डेढ़ करोड़ रूपए की राशि पेयजल अधोसंरचना विकास के लिए देने की घोषणा की।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अशोक नगर के चंदेरी तहसील मुख्यालय पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना राशि प्रमाण-पत्र वितरण के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में किसान हितैषी सरकार है। किसान किसी भी बात के लिए चिंतित न हों। उन्होंने कहा कि इस साल प्रदेश में मानसून की स्थिति अच्छी नजर नहीं आ रही। इससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें नजर आ रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को किसानों की फसलों का सही रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने, सोलर पंप स्थापना पर 90 प्रतिशत अनुदान प्रदान करने जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 तक शत-प्रतिशत आवासहीन परिवारों को आवास मुहैया करा दिए जाएंगे।
इसके साथ ही कहा कि अशोकनगर जिला चिकित्सालय को 200 बिस्तर क्षमता का किया जाएगा और चंदेरी चिकित्सालय की क्षमता 30 बिस्तर से बढ़ाकर 100 बिस्तर की जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम में 33 हजार 555 किसानों को 130 करोड़ रूपए की फसल बीमा राशि प्रमाण-पत्र वितरित किए। शिवराज सिंह चौहान ने 126 करोड़ रूपए की लागत वाले 55 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
अशोकनगर एवं चंदेरी को सौगात
125.69 करोड़ के 55 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
अशोकनगर जिला चिकित्सालय में 200 बिस्तर और चंदेरी चिकित्सालय को 100 बिस्तर में अपग्रेड करने की घोषणा।
अशोकनगर जिला चिकित्सालय में Trama centerमें स्टॉफ की व्यवस्था।
अशोकनगर में रेल्वे अंडरब्रिज के लिए प्रस्ताव।
चंदेरी को पर्यटक स्थल का दर्जा, 3 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत।
चंदेरी को पर्यटन सर्किट से जोड़ा जाएगा।
अशोकनगर और चंदेरी नगरपालिकाओं को अधोसंरचना विकास के लिए डेढ़ डेढ़ करोड़ रूपए की राशि की घोषणा।
चंदेरी में 30 करोड़ 69 लाख रूपये की राशि से निर्मित चंदेरी हैण्डलूम पार्क का हुआ लोकार्पण।
Created On :   28 Aug 2017 8:41 AM IST