- Home
- /
- सीएम के ओएसडी को मिली नक्सलियों से...
सीएम के ओएसडी को मिली नक्सलियों से धमकी की जांच शुरू

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विशेष कार्यकारी अधिकारी (ओएसडी) डा. राहुल गेठे को नक्सलियों से मिली धमकी के बाद मामले की जांच शुरू हो गई है। मामला मुंबई का है इसलिए जांच मुंबई पुलिस ही करेगी। हालांकि गड़चिरोली-गोंदिया के नक्सल सेल के पुलिस उपमहानिरीक्षक संदीप पाटील का कहना है कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है जो मुंबई पुलिस को जांच में सहयोग करेगी। साथ ही जांच एजेंसियां भी घटना के बाद सतर्क हो गईं है।
डा. राहुल गेठे पिछले पांच वर्ष से मुख्यमंत्री शिंदे के विशेष कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। पालकमंत्री के कार्यकाल में मुख्यमंत्री शिंदे ने जिलेभर में विकास कार्यों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया था। इन विकास कार्यों को प्रभावशील रूप से पूर्ण करने की जिम्मेदारी डा. गेठे पर थी। हाल ही में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भामरागढ़ तहसील के धोड़राज पहुंचकर पुलिस जवानों और आदिवासियों के साथ दिवाली मनाई थी। कार्यक्रम में उनके ओएसडी डा. गेठे भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री शिंदे की गैरमौजूदगी में विकास कार्यों पर नियंत्रण रखने का कार्य भी डा. गेठे द्वारा भी किया जा रहा है। इसी कारण बौखलाए नक्सलियों ने डा. गेठे को एक पत्र के माध्यम से जान से मारने की धमकी है। यह पत्र प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अन्य विशेष कार्यकारी अधिकारियों में अब खलबली मच गयी है। जांच एजेंसिया मामले की गहनता से जांच करने जुट गयी है।
Created On :   3 Nov 2022 5:58 PM IST












