शहडोल संभाग के कई क्षेत्रों में हुई बारिश, बढ़ी ठण्ड

cold increases due to rain in many places of mp
शहडोल संभाग के कई क्षेत्रों में हुई बारिश, बढ़ी ठण्ड
शहडोल संभाग के कई क्षेत्रों में हुई बारिश, बढ़ी ठण्ड

डिजिटल डेस्क, शहडोल। मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी का असर दिखा। शनिवार को आसमान में छाये बादलों ने रविवार को रंग दिखाया। उमरिया जिले के पाली विकासखण्ड सहित संभाग के अनेक क्षेत्रों में बूंदाबादी के साथ बारिश हुई। जिसके कारण ठण्ड बढ़ गई। रविवार को शहडोल व उमरिया का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। जबकि अनूपपुर जिले  में 13.5 के लगभग पारा रहा। दिन भर शीतलहर चलने के कारण ठण्ड काफी बढ़ गई।

रविवार की सुबह तेज आंधी तूफान के साथ बारिश हुई। लगभग 11.30 बजे पाली के मुदरिया, घुनघुटी के अलावा उमरिया जिले में बारिश हुई। उमरिया जिले में 6.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अनुपपुर जिले के कोतमा, अमरकंट क्षेत्र में भी बारिश हुई। शहडोल जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की जानकारी है।

 

 

फसलों पर असर
फरवरी महीने की बारिश से फसलों पर असर के बारे में कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि पानी व ठण्ड से असर नहीं पड़ेगा। हां यदि ओले गिरते हैं तो नुकसान हो सकता है। महुआ आदि फूल वाली फसलों पर विपरीत असर पड़ सकता है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. केपी तिवारी का कहना है कि आसमान पर छाये बादलों, बारिश से महुआ व आम को नुकसान हो सकता है। ओले गिरे तो गेहूं को नुकसान की संभावना होती है।

आंधी तूफान में  गुल हुई बिजली
मौसम में परिवर्तन का असर एमपीईबी की बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। शाम तकरीबन 5.30 बजे से जैसे ही हवाओं से बारिश ने गति पकड़ी, उमरिया सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर का डीओ जलकर ठप पड़ गया। पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। अचानक बारिश और बिजली गुल होने से लोगों को सम्भलने का मौका नहीं मिला। खासकर रविवार को सप्ताहिक बाजार का दिन होने के चलते शहर में लोगों को खासी परेशानी हुई। बाहर से आये सब्जी दुकानदार सिर में तिरपाल लगाते दिखे। दूसरी ओर एमपीईबी के टाउन प्रभारी व्हीएम द्विवेदी ने बताया आंधी तूफान के चलते सब स्टेशन में डीओ की खराबी आई है। सुधार कार्य चल रहा है। हालांकि ढाई घण्टे बाद 7.30 बजे तक उमरिया की सड़के अंधेरे में डूबी रहीं।

सर्द हवाओं के   झोंक ने ठिठुराया
दोपहर बाद अचानक मौसम में ठण्डी हवाओं ने लोगों को जमकर ठिठुराया। हल्की बूंदा-बांदी के साथ दिनभर तेज हवाएं चलती हैं। दिन का पारा 28.4 डिसे. के बाद भी लोगों को अच्छी खासी ठण्ड महसूस हो रही है। ठण्ड के चलते घरों में सुरक्षित पैक हो चुके गर्म कपड़े एक बार फिर लोगों को बाहर निकालने पड़ गये। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले चौबीस घण्टों में आसपास के परिवर्तन का असर पड़ेगा। बारिश की संभावना बनी हुई है। दूसरी ओर मौसम खुलते ही धूप के साथ पारे में फिर से गिरावट दर्ज हो सकती है।
 

Created On :   11 Feb 2018 11:30 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story