- Home
- /
- संघ मुख्यालय के सामने ही...
संघ मुख्यालय के सामने ही कांग्रेस-भाजपा में तनातनी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने संघ मुख्यालय के सामने से रैली निकालने का प्रयास किया। भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया। लिहाजा दोनों ओर से नारेबाजी होने लगी। रविवार की दोपहर इस मामले को लेकर करीब आधे घंटे तक तनाव बना रहा। कुछ कार्यकर्ता आपस में तनातनी करते रहे।
संसद तक बाइक रैली
युवक कांग्रेस ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के विरोध में संघ मुख्यालय से संसद तक बाइक रैली का आयोजन किया है। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बंटी शेलके के नेतृत्व में कार्यकर्ता महल स्थित गांधी गेट से संघ मुख्यालय की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें संघ मुख्यालय की ओर जाने से रोका। तब बाइक रैली महल परिसर में घूमने लगी। झंडा चौक से आयचित मंदिर की ओर रैली बढ़ी। उसके बाद युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता भोसला वेद शाला की ओर से संघ कार्यालय की ओर बढ़े।
संघ कार्यालय के पीछे मारुति मंदिर के पास पुलिस ने बैरिकेड्स लगा रखा था। दोपहर 1 बजे कांग्रेस की रैली वहां पहुंची। पुलिस ने रैली लौटाने के लिए कहा तो कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। कुछ देर बाद भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध करने लगे। संघ के सम्मान में युवा मोर्चा मैदान में नारा लगाते हुए मंदिर की ओर बढ़े, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता संघ मुख्यालय के सामने जाने के लिए जिद कर रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं का विरोध किया।
अतिरिक्त पुलिस तैनात
सोनिया गांधी व राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाने लगे। भाजयुमो कार्यकर्ता मोदी, जयश्रीराम, वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाने लगे। तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
Created On :   2 Aug 2021 10:06 AM IST